Ankita Bhandari Case: राहुल और प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर अंकिता के माता-पिता से मिले, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति रद्द करने की मांग

Published on 14 अक्टू॰ 2026

Ankita Bhandari Case: नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) 14 अक्टूबर की शाम इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिले। दोनों करीब एक घंटे तक वहां रुके। परिवार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपील की है कि CBI जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम (Dushyant Gautam) की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर रोक लगाई जाए और इसे रद्द किया जाए। गौतम को 12 अक्टूबर को राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

चार साल से अंकिता भंडारी के परिवार को इंसाफ नहीं मिला, लेकिन एक ‘VIP’ आरोपी को संरक्षण और संवैधानिक पद का इनाम ज़रूर मिला।

जहां बलात्कारियों और हत्यारों का फूल-मालाओं से स्वागत होता है और अपराधियों को सत्ता की ताकत से नवाज़ा जाता है - उस महिला-विरोधी BJP से कोई उम्मीद की भी नहीं… pic.twitter.com/i598S7zG7t

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 14, 2026

'मेरी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद थी'

अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनकी चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बेटी की हत्या के मामले में जिस VIP को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उसे राज्यपाल बना दिया गया है। परिवार को समझ नहीं आ रहा कि न्याय के लिए किसके पास जाए। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई, लेकिन आम जनता ने हमेशा साथ दिया है।

Rahul Gandhi India Gate Protest: अंकिता भंडारी के परिवार के साथ धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर उठाए सवाल

दिल्ली के इंडिया गेट पर बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को अंकिता भंडारी के माता-पिता ने धरना दिया। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और… pic.twitter.com/Wa8BowTpOq

— Bansal News Official (@BansalNews_) October 14, 2026

पिता ने जांच पर उठाए सवाल

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने पूछा कि अब तक कथित VIP की पहचान क्यों नहीं हुई। उन्होंने उर्मिला सनावर के वीडियो में लिए गए नामों की जांच की मांग की। पिता के मुताबिक, जनवरी 2026 में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान परिवार ने सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में CBI जांच कराने की मांग की थी। 2 फरवरी को CBI जांच की घोषणा हुई, लेकिन उन्हें जांच की प्रगति की जानकारी नहीं मिली। पिता ने कहा कि जांच में पुराने गवाहों के बयान दोहराने के बजाय VIP की पहचान पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने उर्मिला सनावर का बयान दर्ज करने, जरूरत पड़ने पर सुरेश राठौर से पूछताछ करने और पुलकित आर्य के फोन से जुड़े पहलुओं की जांच करने की भी मांग की।

2022 में हुई थी अंकिता की हत्या

18 सितंबर 2022 को उत्तराखंड के वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 साल की अंकिता भंडारी की हत्या हुई थी। मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके 2 कर्मचारियों को दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा सुनाई गई। अंकिता के फोन की चैट में VIP को एक्सट्रा सर्विस देने का जिक्र था।

दुष्यंत गौतम ने आरोपों को बताया था साजिश

Dushyant Gautam
सिक्किम के राज्यपाल बनाए गए हैं दुष्यंत कुमार गौतम

दिसंबर 2025 में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के कथित ऑडियो-वीडियो वायरल हुए, जिनमें दुष्यंत कुमार गौतम और अजय कुमार के नाम लिए गए। गौतम ने आरोपों को खारिज करते हुए साजिश बताया और जनवरी 2026 में FIR दर्ज कराई। दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी मानहानि याचिका पर अंतरिम राहत देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स को संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए थे।

लेखक