त्यौहारी सीजन में ग्राहकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ, AC-TV, फ्रिज जैसे अप्लायंसेज 8% तक होगे महंगे

Published on 27 सित॰ 2026

नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज)- त्योहारी सीजन में अगर आप AC, फ्रिज, LED TV या वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज कंपनियां 1 अक्टूबर से कई उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। उद्योग से जुड़े जानकारों के मुताबिक, अलग-अलग उत्पादों की कीमतों में 3 से 8% तक की वृद्धि हो सकती है।

कंपनियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉपर, स्टील और एल्युमीनियम समेत प्रमुख कच्चे माल की कीमतों में तेजी और मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव का असर उत्पादन लागत पर पड़ा है। वर्ष 2026 में यह कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी होगी।

AC सबसे ज्यादा महंगा होने की संभावना

इंडस्ट्री विशेषज्ञों के अनुसार, एयर कंडीशनर की कीमतों में सबसे ज्यादा 5 से 8% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV की कीमतों में करीब 3 से 4% तक इजाफा होने की संभावना है।

ब्लू स्टार, गोदरेज एप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स समेत कई कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की जानकारी दी है। कुछ कंपनियों ने उत्पाद और मॉडल के आधार पर 4 से 10% तक मूल्य संशोधन की बात कही है। LG और बॉश होम कम्फर्ट से जुड़े AC उत्पादों की कीमतों में करीब 5% तक बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पैनासोनिक कीमतों में बदलाव को लेकर अभी समीक्षा कर रही है।

हायर ने 1 अक्टूबर से AC महंगे करने की बात कही

हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एनएस सतीश के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉपर की कीमत पिछले एक साल में करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि एक AC में औसतन 3 से 4 किलो तक कॉपर का इस्तेमाल होता है। लागत बढ़ने के कारण कंपनी 1 अक्टूबर से AC की कीमतों में करीब 5% की बढ़ोतरी करेगी।

उनके अनुसार, अक्टूबर से जनवरी के बीच लागत के दबाव के आधार पर अलग-अलग चरणों में कुल करीब 15% तक की मूल्य वृद्धि की संभावना भी बन सकती है।

दिवाली तक पुराने स्टॉक से ग्राहकों को राहत

हालांकि, त्योहारी सीजन में कीमत बढ़ने का असर तत्काल बिक्री पर सीमित रहने की उम्मीद है। इसकी बड़ी वजह डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स की ओर से अगस्त और सितंबर में की गई प्री-बाइंग है। कंपनियों और कारोबारियों के पास पहले से खरीदा गया पुराना स्टॉक मौजूद है।

उद्योग से जुड़े लोगों के मुताबिक, सप्लाई चेन में करीब 1 से 1.5 महीने तक का पुराना स्टॉक मौजूद है। ऐसे में ग्राहकों को दिवाली तक कुछ उत्पाद पुरानी कीमतों पर खरीदने का मौका मिल सकता है। नई कीमतों का पूरा असर स्टॉक खत्म होने के बाद बाजार में दिखाई देने की संभावना है।

ग्राहकों के लिए खरीदारी का मौका

अगर कोई ग्राहक AC, फ्रिज, TV या वॉशिंग मशीन खरीदने की योजना बना रहा है तो मौजूदा स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर उसे पुराने दाम पर खरीदारी का मौका मिल सकता है। हालांकि, पुराने स्टॉक की कीमत हर मॉडल और डीलर के हिसाब से अलग हो सकती है। कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद त्योहारी खरीदारी का कुल बजट पहले के मुकाबले बढ़ सकता है।

You Might Be Interested In

  • दिल्ली के डिप्टी CM प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, सड़क बनाने को लेकर सवाल पूछने पर विवाद, देखें VIDEO
  • एशियन गेम्स: स्क्वैश में 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास
  • 475 करोड़ के सोने की तस्करी का भंडाफोड़, DRI के ‘ऑपरेशन बॉर्डर बुलियन बस्ट’ से 5 शहरों में हड़कंप, मास्टरमाइंड समेत 11 गिरफ्तार
  • ट्रंप की ‘न’ के बाद होर्मुज को लेकर अपनी शर्तों पर अड़ा ईरान
  • NASA ने अंतरिक्ष में भेजे थे 1.25 करोड़ टमाटर के बीज, 6 साल शून्य गुरुत्वाकर्षण में रहकर लौटे तो धरती पर दिखा चमत्कार
  • केदारनाथ में यात्रा मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड, कई यात्री फंसे, यूपी में आंधी-बारिश से 60 लोगों की मौत