पाली के लाखोटिया महादेव की कहानी 976 साल पुरानी: मान्यता-एक लाख ऊंटों से हुई खुदाई, सोने के सिक्के निकलते थे, संत मजदूरों को दे देते थे - Pali (Marwar) News

Published on 24 अग॰ 2026

करीब 976 साल पुरानी मान्यता, एक लाख ऊंटों से तालाब की खुदाई और टेकरी पर शिवलिंग की स्थापना...

.

पाली के लाखोटिया महादेव मंदिर से जुड़ी ऐसी कई रोचक कथाएं आज भी लोगों के बीच सुनने को मिलती हैं। मान्यता है कि जब पल्लीपुर यानी आज के पाली में पेयजल संकट था, तब जूना मठ के संत चंदनपुरी ने लाखोटिया तालाब खुदवाया और उसकी टेकरी पर शिवलिंग स्थापित किया।

तालाब की खुदाई में सोने के सिक्के मिलने, संत के कमलनुमा पत्थर पर बैठकर मंदिर तक जाने और संत व उनकी बहन अन्नपूर्णा के जीवित समाधि लेने की कथाएं भी इस जगह के इतिहास और आस्था से जुड़ी हैं। आज भी जूना मठ में संत की समाधि और उनकी चिलम-छड़ी समेत कई निशानियां मौजूद हैं।

पाली के लाखोटिया महादेव मंदिर में स्थापित शिवलिंग जिसे संत चंदनपुरी ने स्थापित किया था।

पाली के लाखोटिया महादेव मंदिर में स्थापित शिवलिंग जिसे संत चंदनपुरी ने स्थापित किया था।

पेयजल संकट के समय खुदवाया तालाब

दंतकथाओं के अनुसार करीब 976 साल पहले पल्लीपुर यानी वर्तमान पाली में पेयजल संकट था। उस समय पानी दरवाजा स्थित जूना मठ के संत चंदनपुरी ने तालाब खुदवाने का निर्णय लिया। तालाब की खुदाई के बाद उसकी टेकरी पर शिवलिंग की स्थापना की गई।

मान्यता है कि तालाब की खुदाई में एक लाख ऊंटों का इस्तेमाल किया गया था। इसी वजह से इसका नाम लाखोटिया तालाब और टेकरी पर स्थापित शिवलिंग का नाम लाखोटिया महादेव पड़ा।

तालाब के किनारे स्थित जूना मठ में बाद में संत चंदनपुरी ने समाधि ली। समय के साथ लाखोटिया तालाब और मंदिर का विस्तार होता गया।

पाली शहर का लाखोटिया तालाब जिसे संत चंदनपुरी ने खुदवाया था।

पाली शहर का लाखोटिया तालाब जिसे संत चंदनपुरी ने खुदवाया था।

खुदाई में सोने के सिक्के मिलने की मान्यता

लाखोटिया तालाब से जुड़ी एक अन्य दंतकथा में कहा जाता है कि खुदाई के दौरान सोने के सिक्के निकलते थे। संत इन सिक्कों को खुदाई करने वाले मजदूरों को मेहनताना के रूप में दे देते थे।

यह भी मान्यता है कि संत चंदनपुरी कमल के आकार के एक पत्थर पर बैठकर जूना मठ से लाखोटिया तालाब होते हुए टेकरी पर स्थित महादेव मंदिर तक जाते थे और शिवलिंग पर जल चढ़ाते थे।

जूना मठ में आज भी कमल के आकार का यह पत्थर रखा हुआ है। इसके अलावा यहां संत से जुड़ी चिलम, छड़ी, बड़े शंख, धूणी, भाला और लकड़ी का डमरू भी मौजूद हैं।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ का मुख्य द्वार।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ का मुख्य द्वार।

बहन का चेहरा देखने के बाद जीवित समाधि लेने की कथा

संत चंदनपुरी से जुड़ी एक अन्य कथा उनकी बहन अन्नपूर्णा से जुड़ी है। मान्यता है कि संत महिलाओं का चेहरा नहीं देखते थे और जूना मठ में महिलाओं का प्रवेश भी नहीं था।

एक बार उनकी बहन अन्नपूर्णा उनसे मिलने मठ पहुंचीं। संत ने उनका चेहरा देख लिया। इसके बाद उन्होंने जीवित समाधि लेने का निर्णय लिया। जब अन्नपूर्णा को इसकी जानकारी हुई तो वह भी जूना मठ पहुंचीं। दंतकथा के अनुसार दोनों भाई-बहन ने यहीं जीवित समाधि ली।

जूना मठ में आज भी दोनों की समाधि मौजूद है।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित गुफा जिसे अब बंद कर दिया गया है।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित गुफा जिसे अब बंद कर दिया गया है।

जूना मठ में आज भी मौजूद है प्राचीन गुफा

जूना मठ के संत भोलापुरी के अनुसार मठ में आज भी एक प्राचीन गुफा मौजूद है। मान्यता है कि पाली के आसपास स्थित कुछ अन्य धार्मिक स्थलों में भी ऐसी गुफाएं हैं और प्राचीन समय में संत इन रास्तों से एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाते थे।

बताया जाता है कि करणी माता मंदिर, पूनागर भाकरी माता मंदिर और गाजण माता मंदिर में भी ऐसी गुफाओं के होने की मान्यता है। वर्तमान में इन गुफाओं को बंद कर दिया गया है।

जूना मठ की गुफा में भी लोग पहले कई फीट अंदर तक जा चुके हैं। समय के साथ देखरेख नहीं होने के कारण अब इसका रास्ता बंद है।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित में आज भी संत की चिलम, छड़ी आदि पड़े है।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित में आज भी संत की चिलम, छड़ी आदि पड़े है।

संत की निशानियां आज भी सुरक्षित

पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में संत चंदनपुरी से जुड़ी कई वस्तुएं आज भी रखी हैं। इनमें उनकी चिलम, छड़ी, शंख, धूणी, भाला और डमरू शामिल हैं।

मठ परिसर में संत चंदनपुरी और उनकी बहन अन्नपूर्णा की समाधियां भी मौजूद हैं। वहीं कमल के आकार का वह पत्थर भी रखा है, जिसके बारे में मान्यता है कि संत इसी पर बैठकर लाखोटिया तालाब से होते हुए टेकरी पर स्थित शिवलिंग के जलाभिषेक के लिए जाते थे।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित संत चंदन गिरी और उनकी बहन अन्नपूर्णा की समाधि। दोनों ने यहां जीवित समाधि ली थी।

पाली के पानी दरवाजा स्थित जूना मठ में स्थित संत चंदन गिरी और उनकी बहन अन्नपूर्णा की समाधि। दोनों ने यहां जीवित समाधि ली थी।

लाखोटिया महादेव आज भी आस्था का केंद्र

लाखोटिया तालाब और महादेव मंदिर पाली शहर की पहचान से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हैं। संत चंदनपुरी से जुड़ी इन कथाओं और जूना मठ में मौजूद पुरानी निशानियां इस पूरे क्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं।

पाली शहर के जूना मठ में रखा प्राचीन फूलनुमा पत्थर। कहां जाता है कि संत चंदनगिरी इसी फूल पर बैठकर लाखोटिया तालाब से होकर टेकरी पर शिवलिंग पर जलाभिषेक करने जाते थे।

पाली शहर के जूना मठ में रखा प्राचीन फूलनुमा पत्थर। कहां जाता है कि संत चंदनगिरी इसी फूल पर बैठकर लाखोटिया तालाब से होकर टेकरी पर शिवलिंग पर जलाभिषेक करने जाते थे।