भोपाल17 मिनट पहलेलेखक: अनिल गुप्ता
- कॉपी लिंक

राहुल गांधी, अभिजीत दिपके, नेहा बोरा की संविधान और इलेक्शन कमीशन की घेराबंदी को तोड़ने के लिए भाजपा ने काउंटर प्लान तैयार किया है। इस प्लान में बाय-बाय पप्पू, भीड़तंत्र का अंत जैसे 93 नारे हैं। 12 पन्नों की बुकलेट है। 10 लाख जेन-जी तक पहुंचने का तरीका भी है। यह प्लान भाजपा के चुनिंदा लोगों तक पहुंच गया है।
विपक्ष के नैरेटिव को तोड़ने के लिए भाजपा हर विस में 200 और लोकसभा में 2000 बुद्धिजीवियों से बात भी करेगी। महानगरों में 10-10 हजार लोगों की पदयात्रा भी निकलेगी। प्लान को 22 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच एग्जिक्यूट करने की तैयारी है।
दिल्ली ने वरिष्ठों को जवाबदेही भी दे दी है। भाजपा-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एक-एक करके दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे। राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रदेशों में पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा इसके जरिए विधानसभा से लेकर लोकसभा तक प्रभावशाली लोगों और युवाओं के बीच पहुंचेगी।
शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र यादव, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, स्मृति ईरानी, बैजयंत जय पांडा, किरेन रिजिजू, जैसे दिग्गजों की राष्ट्रीय स्तर पर टोली बनाई गई है। टोली प्रदेशों में चलने वाले इस अभियान की मॉनिटरिंग करेगी।
ऐसे लागू होगी रणनीति... पदयात्रा से लेकर युवा जेन-जी के बीच पहुंचेंगे, व्यक्तिगत संपर्क भी होगा
लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ पदयात्रा
( हरीश द्विवेदी, तरुण चुग, शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र यादव के जिम्मे)
एसआईआर, मतदाता सूची की शुद्धता, विपक्ष द्वारा लगातार फैलाई जा रही गलत जानकारी के विरोध में यह टोली काम करेगी। हर राज्य में पदयात्राएं निकालेगी। इसमें 10,000 लोग रहेंगे। महानगर में 2-3 रैलियां होंगी। जिला मुख्यालय पर एक रैली होगी।
रैली में आगे 20 से 40 फुट चौड़ा बैनर होगा। लोगों को प्लेकार्ड दिए जाएंगे। उन पर विपक्ष के भारत-विरोधी ताकतों का समर्थन करने, अवैध घुसपैठ, सरकार के विकास कार्यों का लगातार विरोध करने को लेकर आलोचनात्मक संदेश लिखे होंगे।
प्रमुख नागरिक गोष्ठी
(बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, स्मृति ईरानी, बैजयंत जय पांडा, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, रोहन गुप्ता, अनिल एंटनी)
इसमें ‘’’’लोकतंत्र के लिए नागरिक’’’’ नामक गोष्ठी में हर विधानसभा से 200 चुनिंदा लोग बुलाए जाएंगे। इसमें वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा अपना पक्ष रखेगी। इनमें युवा, डॉक्टर, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, कारोबारी, पूर्व पेशेवर, शिक्षक, प्रोफेसर आदि होंगे। एसआईआर के समर्थन में ज्ञापन पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
इन्फ्लुएंसर्स के लिए घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ
(संजय भाटिया, डी. पुरंदेश्वरी, तीरथ सिंह रावत, डॉ. भोला सिंह, के. सुरेंदरन)
लोकसभा क्षेत्रों में प्रभावशाली 2,000 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रहेगा। इसे दस लाख तक पहुंचाना है। लोग प्रभाव रखने वाले सामाजिक और पेशेवर होने चाहिए। इसके लिए टिफिन बैठकें होंगी। मंदिरों में मुलाकात होगी। व्यक्तिगत बातचीत होगी। संपर्क भी होगा। छात्रों को जोड़ने के लिए निबंध, भाषण, शॉर्ट-वीडियो मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं करेंगे।
जेन-जी के लिए प्लान
(हेमांग जोशी, सुनील बंसल, मनसुखभाई मांडविया, डॉ. स्वदेश सिंह, तेजस्वी सूर्या)
इसमें ‘लोकतंत्र के लिए युवा/विद्यार्थी’’’’ संवाद होगा। इसमें कॉलेज, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, प्रमुख कोचिंग सेंटरों में की-नोट एड्रेस होंगे। इसके माध्यम से पूरे देश में 10 लाख से अधिक युवाओं और पेशेवरों को जोड़ा जाएगा। कुल 2000 कार्यक्रम होंगे। लोकल यूथ, आईआईटी, एनआईटी के छात्रों को भी बुलाया जाएगा। इसके अलावा इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, यूट्यूबर, फेसबुक पेज ओनर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी इसमें रहेंगे।
लोकतंत्र v/s भीड़तंत्र : छात्रों की प्रतियोगिता
(अश्विनी वैष्णव, मनसुखभाई मांडविया, डॉ. हेमांग जोशी, डॉ. अभिनव प्रकाश, विनीत त्यागी, अखिला बंदम)
संवैधानिक मूल्यों, शासन, राष्ट्रीय विकास, नागरिक जिम्मेदारी, एसआईआर के समर्थन को बढ़ावा देने के लिए भाजपा प्रतियोगिताएं कराएगी। इसका एसओपी होगा। स्कूल और कॉलेज, दो अलग-अलग श्रेणियों में इसे कराया जाएगा। भाजपा अपनी ओर से ई-सर्टिफिकेट, वर्कशॉप तक पहुंच, मेंटरशिप, पोर्टफोलियो बनाने के अवसर, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, नेटवर्किंग के अवसर देगी।
.