सहारनपुर में 82 मतदान केंद्रों में बदलाव का प्रस्ताव: राजनीतिक दलों से मांगी आपत्तियां, 18 जुलाई तक बनेगी अंतिम सूची - Saharanpur News

Published on 14 जुल॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Saharanpur
  • Saharanpur Election Booth List Update | DM Arvind Kumar Chauhan Meeting

तारिक सिद्दीक़ी| सहारनपुर3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सहारनपुर में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मंगलवार शाम राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची पर चर्चा की। बैठक में 82 मतदान केंद्रों में बदलाव के प्रस्तावों की दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता थे, उनका विभाजन किया गया है, जबकि कम मतदाताओं वाले कुछ केंद्रों का विलय कर नई प्रस्तावित सूची तैयार की गई है।

सहारनपुर में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

सहारनपुर में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

10 जुलाई तक मांगे गए थे सुझाव

नई सूची सांसदों, विधायकों और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला पदाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। उनसे 10 जुलाई तक सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं। अब भी यदि किसी दल या जनप्रतिनिधि को किसी मतदान केंद्र पर आपत्ति या सुझाव देना है तो वह तत्काल लिखित रूप में उपलब्ध करा सकता है, ताकि जांच के बाद 18 जुलाई तक अंतिम सूची जारी की जा सके।

भाजपा ने 82 बूथों में बदलाव का दिया प्रस्ताव

बैठक में भाजपा की ओर से सहारनपुर नगर विधानसभा के 40, सहारनपुर विधानसभा के 2, नकुड़ विधानसभा के 7 और देवबंद विधानसभा के 33 बूथों में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रकार कुल 82 बूथों के संबंध में आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों पर अन्य राजनीतिक दलों से 15 जुलाई तक आपत्तियां देने को कहा गया है।

ईआरओ को दोबारा सत्यापन के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि जिन बूथों में बदलाव का प्रस्ताव मिला है, उनका दोबारा स्थलीय सत्यापन कराया जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा, ताकि मतदान केंद्रों का निर्धारण निष्पक्ष, सुविधाजनक और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप हो।

बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सभी ईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार तथा भाजपा, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, अपना दल (एस), बहुजन समाज पार्टी, सीपीआई(एम) समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

.