आईडी प्रूफ दिखाइए और ₹764 में LPG सिलेंडर घर ले जाइए, एक सितंबर से बढ़ी है कीमत

Published on 1 सित॰ 2026

Sep 01, 2026 07:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 2,738 रुपये से बढ़ाकर 2,747.50 रुपये कर दी गई है
  • यानी एक सिलेंडर पर ₹9.50 की बढ़ोतरी हुई है
LPG crisis government said due to Iran war saying situation is worrying but gas is available in the country

5 किलो वाला छोटू LPG सिलेंडर महंगा हो गया है।

LPG cylinder price: तेल कंपनियों ने होटल, रेस्तरां और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में एक बार फिर से बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही उस सिलेंडर के भी दाम बढ़ा दिए गए हैं, जो सिर्फ आईडी प्रूफ दिखाने पर मिल जाता है। आइए डिटेल में जान लेते हैं।

कौन सा है सिलेंडर?

दरअसल, 5 किलो वाला छोटू LPG सिलेंडर महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को 5 किलो के बाजार मूल्य वाले LPG सिलेंडर की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत ₹762 से बढ़कर ₹764 हो गई है। नई कीमतें 1 सितंबर से लागू हैं। ये सिलेंडर वैसे लोगों के लिए है जिनके पास स्थानीय पते का सबूत नहीं है या जो कम गैस इस्तेमाल करते हैं। ग्राहक सिर्फ पहचान का प्रमाण यानी आईडी प्रूफ देकर नया छोटू गैस कनेक्शन ले सकते हैं। मतलब ये कि इसके लिए गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं है।

ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शहर में 'छोटू' गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नेटवर्क और रिटेल आउटलेट, चुनिंदा किराना स्टोर और चुनिंदा लोकल सुपरमार्केट जैसे बिक्री केंद्रों से लिया जा सकता है। इस्तेमाल करके सरेंडर करने पर 500 रुपये मिलते हैं।

कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में कितनी बढ़ोतरी?

कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 2,738 रुपये से बढ़ाकर 2,747.50 रुपये कर दी गई है। यानी एक सिलेंडर पर ₹9.50 की बढ़ोतरी हुई है। कीमतों में यह वृद्धि लगातार दो महीने की कटौती के बाद हुई है। एक अगस्त को 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 192 रुपये और एक जुलाई को 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। एक जुलाई और एक अगस्त को कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतों में की गई दोनों कटौतियां पश्चिम एशिया संकट के कारण जून में कीमतों के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद हुई थीं। बता दें कि फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद कॉमर्शियल एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 1,373 रुपये बढ़कर फरवरी के 1,740.50 रुपये से जून में 3,113.50 रुपये हो गई थी।

रसोई में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 942 रुपये पर अपरिवर्तित रही। घरेलू एलपीजी की कीमत आखिरी बार सात जून को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 29 रुपये बढ़ाई गई थी। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च में कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि हुई थी। बता दें कि एलपीजी की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजार की संदर्भ कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर होता है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।