Jul 23, 2026 05:47 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- रेखा झुनझुनवाला ने FY27 की जून तिमाही के दौरान स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस में अपनी प्रमोटर हिस्सेदारी कम की है
- बता दें कि रेखा के पति और शेयर मार्केट के बिगबुल रहे दिवंगत राकेश झुनझुनवाला को यह शेयर पसंद था

Star Health share price: शेयर बाजार की दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में कई ऐसे स्टॉक हैं जिसने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। ऐसा ही एक स्टॉक स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी का है। हालांकि, अब रेखा झुनझुनवाला ने इस स्टॉक में से अपनी हिस्सेदारी कम कर दी है। बता दें कि रेखा के पति और शेयर मार्केट के बिगबुल रहे दिवंगत राकेश झुनझुनवाला को यह शेयर पसंद था। जब कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट नहीं थी तब भी बिगबुल ने दांव लगा रखा था।
कितनी रह गई हिस्सेदारी
रेखा झुनझुनवाला ने FY27 की जून तिमाही के दौरान स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस में अपनी प्रमोटर हिस्सेदारी कम की है। कंपनी के लेटेस्ट शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, मार्च तिमाही में उनकी हिस्सेदारी 15.57% थी जो घटकर 3.04% रह गई। इसका मतलब ये हुआ कि उन्होंने FY27 की पहली तिमाही के दौरान लगभग 7.38 करोड़ शेयर बेचे। अगर कंपनी के लेटेस्ट शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो 30 जून 2026 तक राकेश झुनझुनवाला एंड एसोसिएट्स के तहत प्रमोटर होल्डिंग शून्य थी जबकि पिछली तिमाही के अंत में यह 1.55% थी।
स्टार हेल्थ के साथ झुनझुनवाला परिवार का जुड़ाव कंपनी के मार्केट में आने से पहले का है। जब स्टार हेल्थ ने 2021 में अपना IPO लॉन्च किया तो रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) से पता चला कि दिवंगत राकेश झुनझुनवाला के पास इंश्योरेंस कंपनी में 14.98% हिस्सेदारी थी। उन्होंने मार्च 2019 और नवंबर 2021 के बीच नौ ट्रांजैक्शन के जरिए इंश्योरेंस कंपनी के शेयर खरीदे थे, जिनकी औसत कीमत 155.28 रुपये प्रति शेयर थी। तब से, झुनझुनवाला परिवार ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी में सक्रिय रूप से बदलाव किए हैं। रेखा झुनझुनवाला ने FY26 की सितंबर तिमाही में 3.04% से अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी को दिसंबर तिमाही में बढ़ाकर 15.57% कर दिया था। हालांकि, अब काफी कम कर दिया है।
शेयर का परफॉर्मेंस
स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो गिरावट के साथ गुरुवार को 577.10 रुपये पर रहा। शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 623.45 रुपये और 416.05 रुपये है। पिछले एक साल में शेयर में 30% से अधिक और 2026 में अब तक लगभग 25% की बढ़त हुई है। FY27 की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान स्टार हेल्थ के शेयरों में लगभग 29% की बढ़ोतरी हुई।
आपको बता दें कि स्टार हेल्थ चेन्नई में स्थित एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी है। कंपनी का दावा है कि देश भर में उसके 14,000 से अधिक अस्पतालों और 850 से अधिक ब्रांच ऑफिस का नेटवर्क है।
