गजब! मंत्री के स्वागत में फूल बरसाते रहे नेताजी, भीड़ में चोर ने गले से उड़ा ली 7 लाख की चेन

Published on 4 सित॰ 2026

गजब! मंत्री के स्वागत में फूल बरसाते रहे नेताजी, भीड़ में चोर ने गले से उड़ा ली 7 लाख की चेन

जेडीयू नेता राजेश मंडल के गले से चोरी हुई चेन.

Muzaffarpur News: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान स्वागत समारोह में चोरी की हैरान करने वाली घटना सामने आई है. तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक पर मंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे JDU नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपए की सोने की चेन चोरी हो गई. घटना के बाद पीड़ित नेता ने तुर्की थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

मंत्री के स्वागत के लिए जुटी थी भीड़

जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का काफिला जब सकरी चौक पहुंचा तो उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुट गए. मंत्री को माला पहनाने और गुलदस्ता देने के लिए कार्यकर्ताओं में आगे जाने की होड़ मच गई. इसी दौरान काफी भीड़ और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.

ये भी पढ़ें- Bihar Flood: सड़कें डूबीं, गांव घिरे, नाव बनी सहारा बिहार में बाढ़ का बढ़ता संकट, उफान पर कोसी-गंगा

कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी JDU नेता राजेश मंडल भी मंत्री का स्वागत करने के लिए भीड़ में आगे पहुंचे थे. इसी दौरान किसी शातिर चोर ने भीड़ का फायदा उठाते हुए उनके गले से सोने की चेन निकाल ली.

काफिला जाने के बाद हुआ चोरी का अहसास

राजेश मंडल को चेन चोरी होने का पता तब चला, जब मंत्री का काफिला वहां से आगे निकल चुका था. इसके बाद उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो चेन गायब थी. वह काफी देर तक मौके पर अपनी चेन तलाशते रहे और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी राजेश मंडल को घटना के बाद परेशान हालत में देखा जा सकता है. वह सड़क पर इधर-उधर चेन के बारे में लोगों से जानकारी लेते नजर आ रहे हैं.

34 ग्राम की थी सोने की चेन

पीड़ित नेता के मुताबिक, चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 34 ग्राम था. उन्होंने इसकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई है. मंत्री के स्वागत के दौरान हुई इस चोरी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद राजेश मंडल ने तुर्की थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस अब कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस कार्यक्रम के दौरान बनाए गए वीडियो और उपलब्ध फुटेज को भी खंगाल रही है. पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज की मदद से भीड़ में मौजूद संदिग्ध की पहचान हो सकती है. फिलहाल चेन चोरी करने वाले आरोपी का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

शिवम

शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button