कांकेर पुलिस ने जियो मोबाइल टॉवरों से बैटरियां चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49 जियो टॉवर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया मेटल, चोरी में इस्तेमाल
.
पुलिस जांच में जियो कंपनी के एक कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है।
कई थानों में दर्ज मामलों की जांच से खुला मामला
पिछले कुछ महीनों से कांकेर जिले के आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया और रावघाट थाना क्षेत्रों में रिलायंस जियो मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी मामलों की गहन जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। इसी दौरान आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम किसकोड़ो स्थित जियो मोबाइल टॉवर से बैटरी चोरी के मामले (अपराध क्रमांक 10/2026) की जांच में पुलिस ने माखन तुमरेटी और देवराज बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में पूरे गिरोह का हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथी एली मसीह और राजेश यादव के साथ मिलकर आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया, रावघाट और सोनपुर थाना क्षेत्रों के जियो मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई बैटरियां दल्लीराजहरा के राजेश नेताम और कबाड़ी कारोबारी अंकित जैन को बेची जाती थीं।
जियो कर्मचारी की भूमिका भी जांच में आई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे गिरोह को जियो कंपनी के एक कर्मचारी का सहयोग मिल रहा था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरोह जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच सक्रिय रहा।
आरोपी चोरी के बाद बैटरियों को खोलकर उनमें से मेटल अलग कर लेते थे। इसके बाद बैटरी बॉक्स और अन्य सामान कबाड़ी बाजार में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
दल्लीराजहरा में छापेमारी, भारी मात्रा में सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दल्लीराजहरा क्षेत्र में छापेमारी कर 49 जियो मोबाइल टॉवर बैटरियां, 311 खाली बैटरी बॉक्स, 29 प्लास्टिक की बोरियों में भरा बैटरियों से निकाला गया मेटल, एक लोहे का हथौड़ा, दो पेचकस, एक रेती (फाइल) और चोरी की बैटरियां बेचकर प्राप्त 41 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि इसी गिरोह के खिलाफ पहले रावघाट थाना पुलिस भी कार्रवाई कर चुकी है, जहां ग्राम वरचे स्थित मोबाइल टॉवर से चोरी की गई 72 बैटरियां बरामद की गई थीं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह और अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5), 112(2), 317(2), 61 एवं 62 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बरामद सामग्री
- 49 जियो मोबाइल टॉवर बैटरियां
- 311 खाली बैटरी बॉक्स
- 29 प्लास्टिक बोरियों में बैटरियों से निकाला गया मेटल
- 41 हजार रुपये नकद
- एक लोहे का हथौड़ा
- दो पेचकस
- एक फाइल (रेती)
गिरफ्तार आरोपी
- राजेश नेताम (30), बखरूपारा, दल्लीराजहरा, जिला बालोद
- माखन तुमरेटी (45), दल्लीराजहरा, जिला बालोद
- देवराज बघेल (30), वल्लभनगर पटेल कॉलोनी, दल्लीराजहरा
- राजेश यादव (29), थाना गुरूर, जिला बालोद
- एली मसीह (28), जिला बालोद
- अंकित कुमार जैन (34), दल्लीराजहरा, जिला बालोद