आवारा कुत्ते का आतंक! एक-एक कर 56 लोगों को काटा, बच्चों से लेकर महिलाएं तक बनींं शिकार

Published on 2 अक्टू॰ 2026

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में केतुग्राम के मोरग्राम इलाके में आज एक आवारा कुत्ते ने 56 लोगों को शिकार बनाया. कुत्ते के हमले से बच्चों, महिलाओं और पुरुषों समेत कुल 56 लोग घायल हो गए. घटना के बाद लिपाड़ा, डांगापाड़ा, परिपाड़ा, खादेमपाड़ा, मोड़लपाड़ा और मेरु पल्ली समेत आसपास के कई इलाकों में दहशत का माहौल है. वहीं स्थानीय लोगों ने कुत्ते के द्वारा लोगों को शिकार बनाए जाने की जो वजह बताई है वो हैरान करने देने वाली है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्ते ने करीब डेढ़ महीने के बच्चे से लेकर महिलाओं और छोटे बच्चों तक को अपना शिकार बनाया. कई लोगों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं. कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बोलपुर शियान अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं लोगों ने स्थानीय प्रशासन से हमलावर कुत्ते को पकड़ने की अपील की है, जिससे लोगों में दहशत को कम किया जा सके.

नवजात समेत कई लोगों को बनाया शिकार

वहीं, स्थानीय निवासी यार अली शेख का दावा है कि कुछ समय पहले इस कुत्ते के नवजात पिल्लों को सियार उठा ले गए थे. इसके बाद से ही मां कुत्ते के व्यवहार में बदलाव आया और उसने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया. लोगों ने कहा कि कुत्ते ने अब तक कई लोगों को शिकार बनाया है, जिनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर है. हालांकि ये पहली बार नहीं है जब कुत्ते द्वारा लोगों को शिकार बनाया गया हो.

गंभीर घायलों का इलाज जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सभी घायलों को तत्काल कांदरा प्राथमिक अस्पताल ले जाया गया. स्थानीय लोगों, जिनमें जीत दास भी शामिल हैं, ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. वहीं अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी तत्परता के साथ घायलों का इलाज किया. एक ही कुत्ते के हमले में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट-संतोष कुमार मंडल

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button