
दिल्ली की ड्रग्स लेडी पार्वती
Delhi Crime News: बाहरी-उत्तरी जिले की पुलिस ने नशा तस्करी के बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. नरेला में ड्रग्स लेडी पार्वती के घर से 56.69 लाख रुपये कैश, 355 ग्राम सोना, 161 ग्राम चांदी और 4 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के कागजात बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, ये सारा पैसा और संपत्ति ड्रग तस्करी से कमाई गई है.
अगर इस केस में कुल बरामदगी की बात करें तो 1.204 किलो हेरोइन, 64.62 लाख रुपये कैश, सोना-चांदी के गहने और 2 कारें मिली हैं. पुलिस ने दिल्ली से राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन की कीमत 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
पार्वती के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पार्वती के खिलाफ पहले से NDPS और आबकारी अधिनियम के तहत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार, पार्वती एक लेडी डॉन है. उसको इलाके की एक्टिव BC यानी बैड कैरेक्टर घोषित किया जा चुका है. दिल्ली पुलिस ने कुछ दिनों पहले भी नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर पार्वती की गिरफ्तारी की थी.
दिल्ली में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में जुटी पुलिस
इतना ही नहीं उसके एक सहयोगी की गिरफ्तारी पुलिस कर चुकी है. जब पार्वती की गिरफ्तारी की गई थी, तब भी आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ मिला था. पुलिस इस समय राजधानी में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में जुटी है. नशे से इंसान की सोचने समझने की क्षमता कम हो जाती है. नशे की वजह से दिल्ली समेत देशभर में लाखों युवाओं की जिंदगी तबाह हो चुकी है.
फिलहाल इस मामले में पुलिस बरामद हेरोइन के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क, संभावित खरीदारों और अन्य आरोपियों का पता लगा रही है. साथ ही जो कैश बरामद किया गया है, उसके स्रोत भी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली: FCRA रजिस्ट्रेशन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप, गृह मंत्रालय के 2 अधिकारी गिरफ्तार

पुनीत कुमार शर्मा
स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.
Read More