फरीदकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 527 ग्राम हेरोइन समेत दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार

Published on 1 सित॰ 2026

September 1, 2026

फरीदकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 527 ग्राम हेरोइन समेत दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार

फरीदकोट: पंजाब के डीजीपी गौरव यादव IPS के दिशा-निर्देशों और फरीदकोट रेंज की आईजीपी जगदाले नीलाबरी विजय IPS के मार्गदर्शन में फरीदकोट पुलिस द्वारा ड्रग तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैस PPS के निर्देशन तथा एसपी (जांच) नरिंदर सिंह PPS के नेतृत्व में CIA स्टाफ फरीदकोट की टीम ने दो कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 527 ग्राम हेरोइन, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और एक आईफोन मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 31 अगस्त 2026 को की गई। पुलिस के मुताबिक, CIA स्टाफ की टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 527 ग्राम हेरोइन, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक आईफोन बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की निवासी गांव सोहल और अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मोला निवासी गोरखा दोनों जिला तरनतारन, के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में 31 अगस्त NDPS एक्ट की धाराओं 21-C/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि उनसे नशे की सप्लाई से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा सके।

फरीदकोट पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान हेरोइन की सप्लाई के स्रोत, संभावित खरीदारों और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।

फरीदकोट पुलिस ने कहा कि नशे के गैरकानूनी कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। नशीले पदार्थों की तस्करी, सप्लाई या किसी भी रूप में इस गैरकानूनी कारोबार में सहयोग करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: Faridkot (Faridkot)