Aug 13, 2026 08:33 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- गुरुवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयर मुनाफावसूली वाले मोड में नजर आए
- अप्रैल से अब तक इस शेयर में 45% की तेजी आई है और यह 5048 रुपये तक पहुंचा है

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयर में आ सकती है तेजी
Hindustan Aeronautics share: अगर आपके पास डिफेंस कंपनी के शेयर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती। कई ब्रोकरेज इस शेयर को लेकर बुलिश नजर आ रहे हैं। हालांकि, सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयर मुनाफावसूली वाले मोड में नजर आए। बीते बुधवार को तिमाही नतीजे के बाद इस कंपनी के शेयर लाल निशान पर 4941.05 रुपये के स्तर पर बंद हुए। शेयर को लेकर कुछ ब्रोकरेज बुलिश हैं। वहीं, कुछ ब्रोकरेज की राय अलग है।
शेयर का परफॉर्मेंस
अप्रैल से अब तक इस शेयर में 45% की तेजी आई है और यह 5048 रुपये तक पहुंचा है। बीते बुधवार को शेयर इस स्तर तक पहुंचा था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि कंपनी के नतीजे उनके अनुमान से बेहतर रहे, इसलिए उन्होंने कमाई के अनुमानों में कोई बदलाव नहीं किया। ब्रोकरेज ने शेयर पर 'बाय' (खरीदने) की रेटिंग बनाए रखी और प्रति शेयर ₹5800 का टारगेट प्राइस तय किया।
आनंद राठी ने भी HAL पर 'बाय' रेटिंग बनाए रखी है और प्रति शेयर ₹5800 का टारगेट प्राइस दिया है। वहीं, JM फाइनेंशियल ने शेयर पर 'ऐड' रेटिंग दी है। हालांकि, इसका टारगेट प्राइस ₹4770 तय किया है। इसके अलावा, InCred इक्विटीज ने शेयर पर 'होल्ड' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज मानना है कि तेजस, LCH, ALH, Su-30 और Do-228 जैसे बेहतर प्रोडक्ट मिक्स से भविष्य में मार्जिन को सपोर्ट मिलेगा जबकि कंपनी का अगले 3-4 सालों में ₹15,000 करोड़ का कैपेक्स प्लान कैश एक्रूअल और वर्किंग कैपिटल पर दबाव डाल सकता है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
जून तिमाही में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स ने कंसोलिडेटेड मुनाफे में साल-दर-साल (YoY) 14.9% की बढ़ोतरी दर्ज की। यह मुनाफा ₹1,589.68 करोड़ रहा। इसमें अन्य आय में 20.5% की वृद्धि का भी योगदान रहा। ऑपरेशन से रेवेन्यू की बात करें तो 14.4% बढ़कर ₹5,515.17 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग मोर्चे पर कंसोलिडेटेड EBITDA सालाना आधार पर लगभग 19% बढ़कर ₹1,538 करोड़ हो गया।
वहीं, EBITDA मार्जिन 106 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 27.9% हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 26.8% था। ऑपरेटिंग मुनाफे में यह सुधार तब हुआ जब कच्चे माल की लागत 280 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 65.2% हो गई और ग्रॉस मार्जिन में गिरावट आई।
HAL ने FY26 का समापन ₹2.54 लाख करोड़ के ऑर्डर बुक के साथ किया और उसे FY27-28E के दौरान मरम्मत, ओवरहॉल और रखरखाव (ROH) सहित लगभग ₹90,000 करोड़ के नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
