कुंभ मेले से पहले नासिक में 517 लोगों ने एक साथ शंख बजाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड | IBC24

Published on 25 अक्टू॰ 2026

नासिक, 25 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक में रविवार को गोदावरी नदी के तट पर 517 श्रद्धालुओं ने एक साथ शंखनाद कर ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाया। यह आयोजन सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह से पहले किया गया।

‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के वरिष्ठ निर्णायक ऋषि नाथ ने देवमामलेदार यशवंत महाराज पटांगण में इस उपलब्धि की घोषणा की। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

इससे पहले एक साथ शंख बजाने का रिकॉर्ड वर्ष 2019 में अमेरिका के न्यूजर्सी में बना था, जहां 303 लोगों ने एक साथ शंखनाद किया था।

नासिक में विभिन्न आयु वर्ग के 517 प्रतिभागियों ने साढ़े पांच मिनट तक एक साथ शंख बजाया।

ऋषि नाथ ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘बधाई हो! आपने एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।’’

इस कार्यक्रम का आयोजन नासिक त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण (एनटीकेएमए) और गुणगौरव ट्रस्ट की अनंतविजय शंखनाद टीम ने संयुक्त रूप से किया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से प्रमाणित शंख चेन्नई से मंगवाए गए थे।

एनटीकेएमए के आयुक्त शेखर सिंह ने कहा कि इस पहल से शंखनाद की परंपरा को कुंभ मेले के शुभारंभ के साथ जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को ध्वजारोहण समारोह में 251 प्रतिभागियों का एक समूह शंखनाद करेगा।

कुंभ मेला एवं जिला संरक्षक मंत्री गिरीश महाजन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और जनभागीदारी को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया है।

उन्होंने नासिक के निवासियों से कुंभ मेले में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करने की अपील की।

एक अधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले का ध्वजारोहण समारोह 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर दो मिनट पर रामकुंड में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया है। इसी अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र भी सौंपा जाएगा।

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला हर 12 वर्ष में इन दोनों पवित्र नगरों में आयोजित होने वाला विशाल हिंदू धार्मिक समागम है। वर्ष 2026-28 का यह कुंभ मेला 31 अक्टूबर, 2026 से 24 जुलाई, 2028 तक आयोजित किया जाएगा।

भाषा शोभना देवेंद्र

देवेंद्र

Web Title: कुंभ मेले से पहले नासिक में 517 लोगों ने एक साथ शंख बजाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड