ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी गेम्स क्राफ्ट और उसके ऐप रमी कल्चर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच में बड़ी कार्रवाई की है।

गेम्स क्राफ्ट के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
ईडी ने गेम्स क्राफ्ट की 442 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की।
मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत रमी कल्चर ऐप पर कार्रवाई।
शेयरधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट, विला और दुकानें भी जब्त।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी गेम्स क्राफ्ट और उसके एप रमी कल्चर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 442 करोड़ रुपये की नई संपत्ति अटैच की है।
जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए 25 सितंबर को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया गया था।
442.35 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
इसमें गेम्स क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के शेयरधारकों के परिवार के सदस्यों और कई संबंधित संस्थाओं के नाम पर मौजूद फिक्स्ड डिपॉजिट, कामर्शियल दुकानें, एक विला और कई रिहायशी संपत्तियां शामिल हैं।
ईडी के अनुसार, इन संपत्तियों की कुल कीमत 442.35 करोड़ रुपये है। इस मामले में अब अटैच और फ्रीज की गई संपत्तियों की कुल कीमत 2,843 करोड़ रुपये हो गई है।
एजेंसी ने कहा है कि गेम्स क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड और रमी टाइम टेक्नोलॉजी मोबाइल एप्लिकेशन के जरिये ऑनलाइन रियल मनी गेम्स चला रही थी। ये गेम्स रमी कल्चर, रमी प्राइम, प्लेशिप और रमी टाइम जैसे कई ब्रांड्स के तहत चलाए जा रहे थे। इन प्लेटफार्म के देशभर में लगभग तीन करोड़ यूजर्स हैं।
ईडी का आरोप है कि इनमें से बड़ी संख्या में यूजर्स उन राज्यों में थे, जहां ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग पर प्रतिबंध है, जैसे तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु।
जांच एजेंसी का दावा है कि हालांकि ये प्लेटफॉर्म यूजर्स को भरोसा दिलाते थे कि वे पारदर्शी, निष्पक्ष और ऑटोमेटेड प्लेयर्स से मुक्त हैं, लेकिन उन्होंने भोले-भाले यूजर्स की जानकारी या सहमति के बिना उनके खिलाफ आट्स का इस्तेमाल किया।
एजेंसी ने आरोप लगाया है कि "बॉट्स के इस्तेमाल से यूजर्स को भारी वित्तीय नुकसान हुआ, जबकि कंपनियों ने जमकर अवैध कमाई की। ईडी के अनुसार, कंपनियों के "बेईमानी भरे" तौर-तरीकों ने गेमिंग का ऐसा माहौल बनाया जिसकी लत लग जाती है और जो बार-बार दांव लगाने को बढ़ावा देता है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)