'इमरान की कप्तानी में खेलता तो 400 टेस्ट विकेट ले सकता था,' शोएब अख्तर का छलका दर्द

Published on 14 अग॰ 2026

Aug 14, 2026 10:55 pm ISTभाषा

Follow us on Google News

share

शोएब अख्तर ने कहा है कि अगर उन्हें इमरान खान की कप्तानी में खेलने का मौका मिला होता तो उनके नाम 400 विकेट होते। अख्तर ने अपने करियर के दौरान झेले गए मुश्किलों का जिक्र किया है।

Shoaib Akhtar

शोएब अख्तर

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा है कि अगर उन्हें इमरान खान की कप्तानी में खेलने का मौका मिलता तो वह टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट हासिल कर सकते थे। अपनी पीढ़ी के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शुमार शोएब ने 46 टेस्ट में 178 विकेट लिए थे। उन्होंने 2011 में भारत में हुए विश्व कप के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उस समय तत्कालीन कप्तान शाहिद अफरीदी के साथ उनके मतभेद की खबरें सामने आई थीं।

'जियो टीवी' के एक कार्यक्रम में शोएब ने कहा कि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 400 से अधिक विकेट हैं और उनका मानना है कि उनके पसंदीदा कप्तान इमरान खान के नेतृत्व में खेलने से उनके करियर पर बड़ा असर पड़ सकता था। शोएब (51 वर्ष) ने कहा, ''अगर मैं पहले इमरान खान के आक्रामक नेतृत्व में खेला होता तो मैंने बहुत कुछ सीखा होता और टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट लिए होते।''

शोएब ने रावलपिंडी में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। यह उनका घरेलू मैदान भी था। उस समय पाकिस्तान के कप्तान वसीम अकरम ने इस युवा तेज गेंदबाज को पदार्पण कराने को लेकर आशंका जताई थी और माना था कि यह सही समय नहीं है। समय के साथ दोनों तेज गेंदबाजों के रिश्ते जटिल रहे और उनमें प्रशंसा के साथ-साथ मतभेद के दौर भी आए। हालांकि इनकी जोड़ी ने पाकिस्तान के लिए कुछ यादगार प्रदर्शन भी दिए। 1999 में पाकिस्तान के भारत दौरे, इंग्लैंड में 1999 में खेले गए विश्व कप में और लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में इस जोड़ी ने कहर बरपाया।

शोएब ने उस शारीरिक दर्द के बारे में भी बताया, जो उन्हें 1997 से 2011 तक अपने क्रिकेट करियर के दौरान सहना पड़ा था। पूर्व तेज गेंदबाज ने खुद को फिट रखने और चोटों से उबरने के लिए अपनाई गई मुश्किल दिनचर्या के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''मुझे बाकी सभी लोगों से तीन घंटे पहले उठना पड़ता था। पहले मुझे साइकिल चलानी पड़ती थी, फिर जिम जाना पड़ता था। मेरे घुटने जाम हो जाते थे और लॉक हो जाते थे। मेरे घुटनों से पानी (फ्लूइड) निकाला जाता था। दवा लगाता था और उन पर बर्फ लगाता था।" फिर मैं कहीं मैच खेलने जाता था और गेंदबाजी करता था, उसके बाद मुझे रिकवर होने में और पाँच घंटे लग जाते थे। यही मेरी जिंदगी थी।'' शोएब ने पाकिस्तान के लिए खेलते हुए 163 वनडे में 247 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 21 विकेट चटकाए।