Mixer Jar Cleaning Tips: क्या आपके मिक्सी के जार में मसालों और गंदगी की काली परत जम गई है? बेकिंग सोडा, सिरका और टूथब्रश की मदद से आप मिक्सर जार को 4 आसान और असरदार घरेलू तरीकों से साफ कर सकते हैं. आप बिना किसी मेहनत के कुछ ही देर में जार को शीशे सा चमका सकते हैं.
X

मिक्सर जार को साफ करने के लिए आप टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं. (Photo: ITG)
Mixer Jar Cleaning Tips: रसोई में कई ऐसे गैजेट्स हैं, जो लोगों की रोजाना की जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं. फिर चाहे पर गैस स्टोव के ऊपर लगी धुआं निकलाने वाली चिमनी हो या फिर खाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाले इंडक्शन. इन्हीं में से एक मिक्सर ग्राइंडर भी है, जो रसोई का ऐसा गैजेट है जिसका इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. कभी मसाले पीसने के लिए तो कभी चटनी और पेस्ट बनाने के लिए.
मिक्सर के जार्स का इतना ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है कि रोजाना धुलाई के बाद भी इनमें गंदगी जमी रह जाती है. लगातार इस्तेमाल की वजह से जार के ब्लेड, नीचे के हिस्से और छोटे-छोटे कोनों में गंदगी जमने लगती है. कई बार ये गंदगी इतनी पुरानी हो जाती है कि सिर्फ पानी और साबुन से साफ करना मुश्किल लगता है. अगर आपके मिक्सर जार में भी गंदगी की काली परत जम गई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप जार के मुश्किल से मुश्किल हिस्सों को भी अच्छी तरह साफ कर सकते हैं. आइए जानते हैं 4 आसान तरीके.
1. रबर गैसकेट निकालकर करें जार की डीप क्लीनिंग: मिक्सी का जार साफ करते समय अक्सर हम सिर्फ अंदर का हिस्सा धोकर छोड़ देते हैं. लेकिन गंदगी कई बार ढक्कन और ब्लेड के नीचे लगी रबर की रिंग (गैसकेट) के आसपास होती है. इस छिपी गंदगी को साफ करने के लिए आपको सबसे पहले गैसकेट को सावधानी से निकालना होगा. इसके बाद जार के उन हिस्सों तक आसानी से पहुंच पाएंगे, जहां गंदगी और मसालों के कण जमा हो जाते हैं. अब डिशवॉश लिक्विड और पानी की मदद से इन हिस्सों को अच्छी तरह साफ कर लें.
2. पुराने टूथब्रश से साफ करें छोटे-छोटे कोने: मिक्सर जार के ब्लेड के नीचे, स्क्रू और हैंडल के आसपास कई ऐसी जगहें होती हैं, जहां हाथ या कपड़ा आसानी से नहीं पहुंच पाता. ऐसे में अगर आप इन हिस्सों की सफाई करना चाहते हैं तो पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं. ब्रश पर थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड लगाकर जार के कोनों और ब्लेड के आसपास धीरे-धीरे रगड़ें. टूथब्रश की बारीक ब्रिसल्स छिपी हुई गंदगी को निकालने में मदद करेंगी. जब आप इन्हें अच्छे से साफ कर लें उसके बाद पानी से अच्छी तरह धोकर रख दें.
3. जमी हुई गंदगी पर लगाएं बेकिंग सोडा और सिरका: अगर मिक्सी जार के निचले हिस्से में काफी समय से गंदगी जमा है और वो आसानी से साफ नहीं हो रही है, तो बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए जार को उल्टा करके रख दें. अब गंदे हिस्से पर एक चम्मच बेकिंग सोडा डालें और उसके ऊपर एक चम्मच सिरका डाल दें. दोनों के मिलते ही झाग बनने लगेगा. इसे करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें.
सम्बंधित ख़बरें
10 मिनट बाद किसी पुराने टूथब्रश या ब्रश से उस जगह को धीरे-धीरे रगड़ें और पानी से धो लें. जमी हुई गंदगी काफी हद तक आसानी से निकल जाएगी.
4. हर इस्तेमाल के बाद करें ये क्विक क्लीनिंग ट्रिक: मिक्सर जार को गंदा होने से बचाने का सबसे आसान तरीका है कि उसे इस्तेमाल के तुरंत बाद साफ कर लिया जाए. जार में थोड़ा पानी और डिशवॉश लिक्विड की 1-2 बूंदें डालें. अब जार को मिक्सर में लगाकर करीब 10-15 सेकंड के लिए चला दें. इससे ब्लेड के आसपास और जार के अंदर चिपके छोटे-छोटे कण निकलने में मदद मिलती है. इसके बाद जार को साफ पानी से धो लें.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
