- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Gorakhpur
- Dadar Gorakhpur Express Now Regular | New Train Schedule & Route Timing
गणेश पाण्डेय । गोरखपुर18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर और दादर के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन को अब रेगुरल करने का फैसला किया है।
अब 01027/01028 दादर-गोरखपुर-दादर विशेष ट्रेन को नियमित ट्रेन संख्या 11047/11048 दादर-गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस के रूप में सप्ताह में चार दिन चलाया जाएगा। इससे गोरखपुर और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 11047 दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस 18 अगस्त 2026 से दादर से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। वहीं, वापसी में 11048 गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस 20 अगस्त 2026 से गोरखपुर से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
दादर से गोरखपुर का सफर
11047 दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस दादर से दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, हरदा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, ललितपुर, टीकमगढ़, खरगापुर, महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर, खजुराहो, महोबा, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, मानिकपुर और प्रयागराज जंक्शन होते हुए पूर्वांचल की ओर आएगी।
ट्रेन ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी जंक्शन, औंड़िहार और मऊ होते हुए तीसरे दिन रात 12:58 बजे भटनी पहुंचेगी। इसके बाद 1:27 बजे देवरिया सदर से छूटकर सुबह 2:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन से गोरखपुर के साथ-साथ देवरिया, भटनी, मऊ, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, खजुराहो और मध्य प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को भी फायदा होगा।
गोरखपुर से दादर जाने का समय
वापसी में 11048 गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस गोरखपुर से दोपहर 2:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन देवरिया सदर, भटनी, मऊ, औंड़िहार, वाराणसी जंक्शन, बनारस, ज्ञानपुर रोड और प्रयागराज जंक्शन होते हुए आगे बढ़ेगी।
इसके बाद ट्रेन मानिकपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, बांदा, महोबा, खजुराहो, छतरपुर, खरगापुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, हरदा, भुसावल और नासिक रोड से होकर चलेगी।
ट्रेन दादर तीसरे दिन सुबह 3:35 बजे पहुंचेगी। रास्ते में कल्याण जंक्शन पर ट्रेन सुबह 2:43 बजे पहुंचेगी और वहां से दादर के लिए रवाना होगी।
17 कोच लगाए जाएंगे
इस नियमित एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच, एसएलआरडी के 2 कोच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 3 कोच, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 कोच और शयनयान श्रेणी के 7 कोच शामिल होंगे।
रेलवे के इस फैसले से गोरखपुर और मुंबई के बीच नियमित रेल सेवा का विकल्प बढ़ेगा। खासकर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें दादर और गोरखपुर के बीच यात्रा करनी होती है। सप्ताह में चार दिन ट्रेन चलने से यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख तय करने में भी सुविधा मिलेगी।
.