पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 8.3 मिमी बारिश हिसार में दर्ज की गई। तो वहींं कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने 15 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावाना जताई है।
हरियाणा में मौसम विभाग ने 4 जिलों जारी किया भारी बारिश का अलर्ट।
- Published: 14 Aug 2026, 03:37 PM IST
- Last Updated: 14 Aug 2026, 03:37 PM IST
हरियाणा फिर बदला मौसम: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मानसून ट्रफ की अक्षीय रेखा में बदलाव और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी हरियाणा के 4 जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा करनाल, कैथल और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। प्रदेश के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। अगले दो दिनों तक मौसम में इसी तरह बदलाव देखने को मिल सकता है।
4 जिलों में भारी बारिश का जारी अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में आज भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के अलावा करनाल और कैथल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
वहीं हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। बारिश के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
15 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 13 अगस्त की रात से 15 अगस्त के दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
हालांकि, 16 अगस्त से मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने के कारण मानसूनी गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे। दिन के तापमान में हल्की गिरावट, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
बिजली की मांग 12,477 मेगावाट तक पहुंची
मानसून की गतिविधियां कम होने और उमस बढ़ने के कारण प्रदेश में बिजली की मांग भी बढ़ गई है। राज्य में बिजली की अधिकतम मांग करीब 12,477 मेगावाट तक पहुंच गई। उमस और गर्मी के चलते लोग कूलर और एसी का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं।
फरीदाबाद सबसे गर्म 37.8°C रहा तापमान
बुधवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा।
प्रदेश में फरीदाबाद 37.8°C के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद अंबाला में 37.7°C, रोहतक में 37.3°C, चंडीगढ़ में 36.6°C और करनाल में 36.2°C तापमान दर्ज किया गया।
हिसार में सबसे ज्यादा 8.3 मिमी हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान हिसार में 8.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। फतेहाबाद में 3.0 मिमी, सादलपुर में 2.5 मिमी और पंचकूला में 2.0 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा नारनौल में 2.0 मिमी और नूंह में 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद भी हवा में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, यह सामान्य के आसपास बना रहा।
यमुनानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.1°C दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में रात का तापमान 29.3°C तक पहुंच गया। अंबाला में 28.4°C, करनाल में 27.4°C, नारनौल में 27.5°C, रोहतक में 27.6°C और जींद में 28.3°C न्यूनतम तापमान रहा।
अगले 2 दिन का मौसम
आज: 4 जिलों में भारी बारिश, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
15 अगस्त: मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी, कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
16 अगस्त से: मानसून गतिविधियों में कमी आने की संभावना, हालांकि बादल छाए रह सकते हैं।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।