- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Kanpur
- Kanpur Navratri Security | PAC Deployment For Durga Puja Pandals Update
कानपुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पुलिस सभागार में आयोजित हुई थी बैठक
कानपुर में रविवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इसे लेकर पुलिस ने मंदिरों, दुर्गा पंडालों और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा की तैयारी की है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने शनिवार को अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिए। शहर में इस बार 372 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें 17 बड़े आयोजन शामिल हैं।
पुलिस ने आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था तय करने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा है। गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर मौजूद पुलिस अधिकारी
दुर्गा पंडालों का निरीक्षण करेंगे थानेदार
पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पंडालों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। आयोजकों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था तय की जाएगी। शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की भी समीक्षा होगी।
उन्होंने कहा कि पंडालों और शोभायात्राओं में साउंड की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार रखी जाए। पिछले साल जिन स्थानों पर विवाद या हंगामा हुआ था, वहां थाना प्रभारी खुद जाकर निरीक्षण करें, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।
गरबा-डांडिया में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती
प्रमुख देवी मंदिरों में 2 कंपनी PAC, फ्लड कंपनी, स्थानीय पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ रोकने के लिए मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
कार्यक्रमों में आयोजक समिति की अनुमति से ही प्रवेश मिलेगा। हल्का और बीट प्रभारी आयोजकों की सूची तैयार करेंगे और कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों की जानकारी रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित बीट प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों को लेकर गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र से त्योहारों की शुरुआत हो जाती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.