35 हजार आतंकवाद पीड़ित हिंदू परिवारों के मुआवजे की मांग, 30 अगस्त को निकलेगा त्रिशूल मार्च

Published on 14 अग॰ 2026

August 14, 2026

35 हजार आतंकवाद पीड़ित हिंदू परिवारों के मुआवजे की मांग, 30 अगस्त को निकलेगा त्रिशूल मार्च

मोगा (दलीप कुमार): पंजाब के 35 हजार आतंकवाद पीड़ित हिंदू परिवारों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शिव सेना हिंदुस्तान ने एक बार फिर संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता ने मोगा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन वर्ष 2003 से इन पीड़ित परिवारों के मुआवजे की मांग उठाता आ रहा है। हाल ही में निकाले गए त्रिशूल मार्च के दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों में मांग पत्र सौंपकर सरकार से पीड़ित हिंदू परिवारों को न्याय एवं मुआवजा देने की मांग की गई थी।

पवन गुप्ता ने कहा कि 35 हजार पीड़ित हिंदू परिवारों के लिए करीब 5100 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर 30 अगस्त को मोहाली से चंडीगढ़ तक विशाल त्रिशूल मार्च निकाला जाएगा और सरकार को दोबारा मांग पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि मोगा से भी शिव सेना हिंदुस्तान के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस मार्च में शामिल होने के लिए मोहाली रवाना होंगे।

हरसिमरन सिंह मंड पर हुए हमले के संबंध में पवन गुप्ता ने कहा कि धार्मिक चिन्ह आत्मरक्षा और धार्मिक आस्था के प्रतीक हैं, उनका इस्तेमाल किसी पर हमला करने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निहंगों द्वारा धार्मिक चिन्हों का गलत इस्तेमाल कर पंजाब का माहौल खराब किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों पर जाने वाले तथा धर्म और सनातन की बात करने वाले लोगों पर हमला होना निंदनीय है। उन्होंने मोगा में त्रिशूल यात्रा रोके जाने को भी निंदनीय बताया और कहा कि अन्य जिलों में यात्रा को नहीं रोका गया, जबकि मोगा प्रशासन द्वारा इसे रोकना उचित नहीं था। उन्होंने दावा किया कि शिव सेना हिंदुस्तान ने आतंकवाद के दौर में भी त्रिशूल जैसे धार्मिक चिन्ह का गलत इस्तेमाल नहीं किया।

पवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल में आतंकवाद पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की राशि मंजूर किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद की सरकारों ने इस मुद्दे पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की। उन्होंने केंद्र सरकार से भी पंजाब के पीड़ित हिंदू परिवारों के मुआवजे का मुद्दा हल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक हिंदुओं के मुद्दों को प्रमुखता नहीं मिली, लेकिन अब हिंदुओं की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धार्मिक यात्राओं, धार्मिक स्थलों के दर्शन, भजन-कीर्तन तथा मंदिरों से जुड़े मुद्दों पर किए जा रहे कार्यों से हिंदू समाज के प्रति गंभीरता का संकेत मिलता है।

पवन गुप्ता ने कहा कि शिव सेना हिंदुस्तान मांग पत्र के माध्यम से पंजाब सरकार से केंद्र सरकार तक पीड़ित हिंदू परिवारों के मुआवजे का मुद्दा पहुंचाएगी। संगठन पंजाब सरकार के साथ मिलकर केंद्र से मुआवजे की मांग उठाने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने को भी तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवारों को उनका मुआवजा नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। 30 अगस्त को मोगा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोहाली पहुंचकर त्रिशूल मार्च में शामिल होंगे।

📍 Location: मोगा