Published: Monday, September 7, 2026, 10:45 [IST]
Miami International Airport plane Crash: मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा विमान हादसा हुआ। अमेजन का एक कार्गो प्लेन रनवे से फिसलकर सड़क की तरफ चला गया और कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद प्लेन में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
दो अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दी गईं। राहत और बचाव टीमें कई घंटे तक मौके पर मौजूद रहीं और प्लेन से हो रहे फ्यूल लीकेज को रोकने में जुटी रहीं।
रनवे से फिसलकर गाड़ियों से टकराया प्लेन
सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से उड़ान भरने वाला अमेजन का कार्गो प्लेन रविवार दोपहर करीब 2 बजे मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद विमान सड़क की तरफ जाकर कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद प्लेन में आग लग गई और आसमान में घना काला धुआं दिखाई देने लगा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में यह साफ नहीं हो पाया कि मृतक विमान में सवार थे या उन गाड़ियों में मौजूद थे, जिनसे प्लेन टकराया।
ये भी पढे़ं: Miami beach: मशहूर अमेरिकी Sea beach पर भीड़ के बीच समुद्र में कैसे गिरा हेलीकॉप्टर, देखिए Video
कॉकपिट में फंसे थे पायलट और को-पायलट
मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह के मुताबिक हादसे के बाद पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे। इसके अलावा कुछ लोग अपनी गाड़ियों में भी फंसे हुए थे। एक व्यक्ति के गाड़ी के नीचे दबे होने की जानकारी भी सामने आई। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के कई घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की टीमें विमान से हो रहे फ्यूल लीकेज को रोकने की कोशिश करती रहीं, ताकि आग और नुकसान को आगे फैलने से रोका जा सके।
एयरपोर्ट पर उड़ानें रोकी गईं, 250 फ्लाइट लेट
हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोपहर के समय उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक रविवार देर दोपहर तक एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें देरी से चलीं। घटनास्थल की तस्वीरों में प्राइम एयर का प्लेन दो सेमी-ट्रकों के पास सड़क किनारे दिखाई दिया। विमान अपने पेट के बल रुका हुआ था। आग लगने के बावजूद विमान का बड़ा हिस्सा काफी हद तक सही-सलामत नजर आया।
ये भी पढे़ं: अमेरिका के इस एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स की उम्र है महज 18 साल, यूपी से चढ़ा एटीएस के हत्थे
32 साल पुराना बोइंग 767 था विमान
इस उड़ान का संचालन नॉर्थ कैरोलिना स्थित कार्गो कैरियर 21 Air कर रहा था। फ्लाइट ट्रैकिंग साइट Flightradar24 के अनुसार, हादसे में शामिल बोइंग 767 करीब 32 साल पुराना था। यह विमान मूल रूप से यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था। बाद में इसे कार्गो विमान में बदल दिया गया। 2015 में कार्गो प्लेन में कन्वर्ट होने से पहले यह दो दशकों से ज्यादा समय तक अलग-अलग एयरलाइंस के लिए उड़ान भर चुका था।
NTSB करेगी हादसे की जांच
अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड यानी NTSB इस हादसे की जांच करेगा। एजेंसी ने बताया कि चेयरवुमन जेनिफर होमेंडी की अगुवाई में एक टीम मियामी भेजी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। अमेजन ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा। वहीं, घटनास्थल के पास इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले जैक्सन ली ने बताया कि उन्होंने क्रैश के बाद एयरपोर्ट की बाड़ के पास से धुआं उठते देखा था।