Hyundai Aura CNG, मारुति डिजायर को कड़ी चुनौती दे रही है। बेहतर माइलेज (28 km), 4 स्टैंडर्ड एयरबैग और आधुनिक फीचर्स के कारण यह ग्राहकों की पसंद बन रही है। हर महीने इसकी 5,000 से ज्यादा CNG यूनिट्स बिक रही हैं।
देश के सेडान कार बाजार में Maruti Dzire की बादशाहत को Hyundai Aura CNG से तगड़ी चुनौती मिल रही है। शानदार माइलेज, कम मेंटेनेंस खर्च और बेहतर सेफ्टी फीचर्स के दम पर यह कार ग्राहकों का ध्यान खींच रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर महीने ऑरा के 5,000 से ज्यादा CNG यूनिट्स बिक रहे हैं।
ह्यून्दे की CNG लाइन-अप में कई गाड़ियां हैं, लेकिन सबसे ज्यादा डिमांड ऑरा की ही है। यह सेडान सेगमेंट में दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार भी बनी हुई है। ह्यून्दे ऑरा के पेट्रोल मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5,99,990 रुपये है। वहीं, इसके CNG वेरिएंट की कीमत 7,81,700 रुपये से शुरू होती है। यूजर्स के अनुभव के मुताबिक, कई लोग दावा करते हैं कि ऑरा CNG लगभग 30 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देती है।
इंजन और परफॉर्मेंस
ह्यून्दे ऑरा में 1.2 लीटर का कप्पा पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल या ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है। यह 83 PS की पावर और 113.8 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसके CNG वेरिएंट में 1.2 लीटर का बाई-फ्यूल पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 69 PS की पावर और 95.2 Nm का टॉर्क देता है। कंपनी के मुताबिक, CNG मॉडल का ऑफिशियल माइलेज करीब 28 किलोमीटर है। ह्यून्दे ऑरा पर 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी देती है, जबकि इसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी मारुति डिजायर पर 2 साल या 40,000 किलोमीटर की ही वारंटी मिलती है।
आधुनिक फीचर्स से लैस ऑरा फेसलिफ्ट
ह्यून्दे ने फेसलिफ्ट वर्जन में कई नए फीचर्स शामिल किए हैं। इसमें क्रूज कंट्रोल, सेगमेंट का बेस्ट 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, इको कोटिंग टेक्नोलॉजी, रियर एसी वेंट्स, रियर पावर आउटलेट और कूल्ड ग्लव बॉक्स जैसी सुविधाएं मिलती हैं। कार के इंटीरियर को भी नई ग्रे अपहोल्स्ट्री और वेवी पैटर्न डिजाइन के साथ नया लुक दिया गया है। इसके अलावा फुटवेल लाइटिंग, टाइप-सी फ्रंट यूएसबी चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। बाहर की तरफ, नए LED डेटाइम रनिंग लाइट्स और LED टेल लैंप्स गाड़ी को और भी मॉडर्न बनाते हैं।
सेफ्टी फीचर्स में आगे
ह्यून्दे का कहना है कि फेसलिफ्ट ऑरा में 30 से ज्यादा नए सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर चार एयरबैग्स मिलते हैं, साथ ही साइड और कर्टेन एयरबैग्स का भी ऑप्शन है। गाड़ी में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट (VSM) और हिल असिस्ट कंट्रोल जैसे सेफ्टी सिस्टम भी मौजूद हैं। जो लोग एक्सटेंडेड वारंटी पैकेज चुनते हैं, वे अपनी वारंटी को सात साल तक बढ़ा सकते हैं।
डिजायर से कड़ा मुकाबला
ह्यून्दे ऑरा का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी डिजायर से है, जो देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण डिजायर के CNG वेरिएंट को भी खूब पसंद किया जा रहा है। लेकिन, बेहतर माइलेज और ज्यादा फीचर्स देकर ह्यून्दे ऑरा ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही है। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि पिछले कुछ महीनों में डिजायर के ग्राहकों का एक हिस्सा ऑरा की तरफ शिफ्ट हो रहा है।