शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे समेत 3 के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, नेपाल बॉर्डर पर तलाश तेज

Published on 16 अक्टू॰ 2026

शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे समेत 3 के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, नेपाल बॉर्डर पर तलाश तेज

फरार श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी लखनऊ पुलिस.

Lucknow News: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे समेत तीन लोगों के खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है. अन्य आरोपियों में श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश शामिल है. पुलिस अब तीनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है. उनकी तलाश में नेपाल सीमा के आसपास भी अभियान चलाया जा रहा है.

अदालत से जारी हुआ गैर-जमानती वारंट

शिवा शर्मा की मौत के मामले की जांच कर रही हजरतगंज पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था. पुलिस की मांग पर अदालत ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं. गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस के लिए आरोपियों की गिरफ्तारी का रास्ता और स्पष्ट हो गया है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

ये भी पढे़ं- श्रद्धा दुबे का नया Video आया सामने, नेपाल में रिक्शे पर घूमती दिखी; साथ में थी बहन और दोस्त

जांच में साक्ष्य मिलने का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में तीनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि शिवा शर्मा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

इस मामले में श्रद्धा दुबे को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश भी पुलिस की तलाश में हैं. तीनों के फरार होने के बाद उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं.

नेपाल सीमा के आसपास तलाश, कई टीमें सक्रिय

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं. पुलिस नेपाल सीमा के आसपास भी उनकी तलाश कर रही है. इस अभियान में बहराइच पुलिस और दूसरी एजेंसियों की मदद ली जा रही है. पुलिस को आशंका है कि आरोपियों की तलाश के लिए सीमावर्ती इलाकों में जांच तेज करना जरूरी है.

पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने के साथ ही आरोपियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. उनके बारे में मिलने वाले सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल, अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद शिवा शर्मा मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम चुनौती बनी हुई है.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है. सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

google button