बेगूसराय में 3 दिन में 40 लाख की शराब जब्त: गिट्टी और पानी की टंकी में छिपाई थी 3,703 लीटर शराब; 7 तस्कर गिरफ्तार - Begusarai News

Published on 10 अक्टू॰ 2026

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए बेगूसराय में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग ने चौकसी बढ़ा दी है। उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन दिनों में विदेशी शराब की तीन बड़ी खेप पकड़ी

.

इन कार्रवाइयों में करीब 40 लाख रुपए कीमत की 3,703 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। वहीं, सात अंतरराज्यीय और स्थानीय शराब तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

त्योहारों को देखते हुए 24 घंटे छापेमारी

उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि सरकार और डीएम के निर्देश के अनुसार जिले में मद्यनिषेध नीति का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए विभाग संकल्पित है।

आगामी त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए 24 घंटे छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की आपूर्ति करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार कारोबारी एवं उत्पाद विभाग की टीम

गिरफ्तार कारोबारी एवं उत्पाद विभाग की टीम

गिट्टी लदे हाइवा ट्रक से मिली 1,760 लीटर शराब

पहली कार्रवाई साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-333 (बी) पर शालिग्रामी टोल प्लाजा के पास की गई। उत्पाद इंस्पेक्टर पिंटू कुमार और थानाध्यक्ष भुवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दुमका (झारखंड) की ओर से आ रहे टाटा हाइवा ट्रक को रोका।

ट्रक में ऊपर से गिट्टी लदी हुई थी। गहन जांच करने पर गिट्टी की आड़ में छिपाकर रखी गई 1,760 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर के रोशन कुमार सिंह, खगड़िया के राकेश कुमार और झारखंड के दुमका निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है।

पानी की टंकी के अंदर बना रखा था तहखाना

दूसरी कार्रवाई एनएच पर तेघड़ा थाना क्षेत्र के पिढ़ौली चौक के समीप की गई। यहां उत्पाद विभाग की टीम ने महिंद्रा मैजिक पिकअप वाहन को जब्त किया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन पर पानी की बड़ी टंकी लाद रखी थी।

जांच के दौरान टंकी के भीतर बने तहखाने से 1,161 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले ड्राइवर एसके राजीउल और खलासी सुजीत सरकार को गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए आरोपी

पकड़े गए आरोपी

18 चक्का हाइवा से 782 लीटर शराब बरामद

तीसरी कार्रवाई तेघड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-122 पर बिहारी ढाबा फैमिली रेस्तरां के समीप की गई। अवर निरीक्षक उत्पाद पुष्पा और उत्पाद सिपाहियों की विशेष टीम ने 18 चक्का टाटा हाइवा ट्रक को पकड़ा।

ट्रक के दोनों तरफ गिट्टी भरी हुई थी, जबकि बीच में बीयर और शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान 782 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इस मामले में समस्तीपुर के ड्राइवर जीतन कुमार और बेगूसराय के खलासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी एवं उत्पाद अधीक्षक

गिरफ्तार आरोपी एवं उत्पाद अधीक्षक

तस्करों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने की तैयारी

उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान शराब का अवैध कारोबार करने वाले तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि विभाग की विशेष टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान शराब की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।