देवास की विजयागंज मंडी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मां-बेटे के संदिग्ध हालात में शव मिले हैं। 45 वर्षीय राधेश्याम और उनकी 70 वर्षीय मां उमराव बाई के शव लसुल्डिया नरसला काकड़ गांव के पास कच्ची सड़क पर पड़े मिले। दोनों शवों के पास उनकी बाइक खड़ी थी, ज
.
रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास कच्ची सड़क पर महिला और पुरुष के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुनीता कटारे टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर बाइक के साथ एक पानी की बोतल मिली, जिसमें जहरीला पदार्थ होने की आशंका है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पत्नी से विवाद के बाद मां के साथ बहन के यहां रह रहा था
परिजनों के मुताबिक राधेश्याम का पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण वह पिछले चार-पांच महीने से अपनी मां उमराव बाई के साथ इंदौर के पास सिरोदे गांव में बहन पप्पूबाई के घर रह रहा था। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह मां के साथ शिप्रा जाने की बात कहकर निकला था। रात में परिजनों से उसकी बात भी हुई, लेकिन उसके बाद दोनों का मोबाइल बंद हो गया। रविवार सुबह दोनों के शव मिलने की सूचना मिली।

कच्चे मार्ग पर पड़े हुए थे मां-बेटे का शव।
ससुराल से महज दो किलोमीटर दूर मिला घटनास्थल
घटनास्थल राधेश्याम के ससुराल नलेसरा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि वह वहां किस उद्देश्य से पहुंचा और रात में उसके साथ क्या हुआ। राधेश्याम के ससुर रमेश ने बताया कि उनकी बेटी पिछले पांच-छह वर्षों से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। कुछ समय राधेश्याम भी उनके साथ रहा, लेकिन विवाद और मारपीट के बाद वह मां को लेकर चला गया था। उन्होंने बताया कि राधेश्याम ने पुवाल्डा स्थित मकान भी बेच दिया था, लेकिन वह अपनी गतिविधियों की जानकारी परिवार को नहीं देता था।

शवों के मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
विजयागंज मंडी थाना प्रभारी सुनीता कटारे ने बताया कि मौके से एक बोतल भी मिली है। दोनों के शव पास में ही मिले हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।"