बिहार वेदर: 25 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए जारी किया अलर्ट - Haribhoomi

Published on 23 अग॰ 2026

बिहार के 25 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। अगले 72 घंटों के लिए चेतावनी दी गई है।

Bihar weather update, 23 August

Bihar weather update, 23 August

  • Published: 23 Aug 2026, 12:50 PM IST
  • Last Updated: 23 Aug 2026, 12:50 PM IST

Bihar weather update, 23 August: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं, वहीं कुछ इलाकों में हो रही बारिश से राहत भी मिली है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों के लिए ताजा चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, झमाझम बारिश होने और इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका जताई गई है।

किन जिलों में जारी की गई है चेतावनी?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जिन जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर शामिल हैं। इसके अलावा बाकी अन्य जिलों में मौसम के सामान्य बने रहने की संभावना है।

Bihar weather update, 23 August

अगले 72 घंटों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग की ओर से अगले 72 घंटों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। आगामी 24 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 25 और 26 अगस्त को भी उत्तर, उत्तर-पूर्व तथा सीमांचल के अधिकांश क्षेत्रों में येलो अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए नागरिकों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

पटना और पिछले 24 घंटों का तापमान
राजधानी पटना की बात करें तो यहां लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। कई बार आसमान में बादल घिरने के बावजूद बारिश न होने से घुटन और गर्मी बढ़ जाती है। शनिवार को यहां दिनभर तेज धूप खिली रही, हालांकि रात में हल्की बूंदाबांदी जरूर दर्ज की गई।

वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मिकीनगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, वैशाली और शेखपुरा समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।