रेवाड़ी में ट्रेन यात्रियों को नशा सुंघाकर लूटा : आरोपी 24 घंटे में अरेस्ट, कैथल में अवैध हथियारों के साथ 5 लोग धरे - Haribhoomi

Published on 18 अग॰ 2026

सफर के दौरान यात्रियों को अचेत कर लूटा जाता था कीमती सामान व जेवरात, कैथल पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 6 देसी कट्टे, पिस्टल और कारतूस के साथ 5 आरोपी सलाखों के पीछे भेजे। 

Train Robbery

रेवाड़ी में रेल यात्रियों को लूटने का आरोपी जीआरपी की पकड़ में।

  • Published: 18 Aug 2026, 05:33 PM IST
  • Last Updated: 18 Aug 2026, 05:33 PM IST

हरियाणा में कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने चौतरफा कार्रवाई तेज कर दी है। एक तरफ जहां रेवाड़ी जीआरपी (GRP) ने ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को शिकार बनाने वाले शातिर को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे धकेल दिया, वहीं दूसरी तरफ कैथल पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चलाए गए विशेष अभियान के तहत 5 खतरनाक बदमाशों को अवैध हथियारों के जखीरे के साथ धर दबोचा।

रेवाड़ी में 24 घंटे में पकड़ा गया जहरखुरानी का आरोपी 
रेवाड़ी में रेल यात्रियों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले एक नशा-खुरानी गिरोह के सदस्य को जीआरपी ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज एक दिन के अंदर गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी जीआरपी राजेश चेची ने बताया कि आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर (दादरी) के संतोष नगर निवासी सुशील के रूप में हुई है।

आरोपी ट्रेन में सफर के दौरान भोले-भाले यात्रियों को कोई नशीला पदार्थ सूंघा देता था और जब वे बेहोश या अचेत हो जाते थे, तब उनका कीमती सामान व जेवरात लेकर रफूचक्कर हो जाता था। 

गोगामेड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं को बनाया था शिकार
मामले की शुरुआत जाटोली निवासी सोमदत्त की शिकायत से हुई। सोमदत्त ने 16 अगस्त को जीआरपी को आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय सदरपुर से रेवाड़ी आ रही ट्रेन में सवार एक अज्ञात शख्स ने उन्हें नशीला पदार्थ सूंघा दिया और स्टेशन पहुंचते ही महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। 

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएचओ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में 17 अगस्त को विशेष जांच दल का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुशील को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से ही दबोच लिया। अदालत ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले भी राजस्थान क्षेत्र में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। रिमांड के दौरान उससे चोरीशुदा जेवरात की बरामदगी और उसके अन्य सहयोगियों का सुराग लगाया जाएगा।

कैथल में 5 अलग-अलग जगहों पर रेड, 6 अवैध हथियार बरामद 
कैथल जिले में पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) स्टाफ, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) और अपराध शाखा कलायत की संयुक्त सतर्कता ने बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश को नाकाम कर दिया। डीएसपी सुशील प्रकाश ने प्रेसवार्ता में खुलासा किया कि पुलिस टीमों ने 5 अलग-अलग मामलों में त्वरित छापेमारी कर 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 5 देसी कट्टे, एक 32 बोर की देसी पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। 

  • पहला मामला : AVT प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की टीम ने हाईवे 152-डी पुल के नीचे (करनाल-कैथल रोड) दबिश देकर यूपी के बागपत (मलकपुर) निवासी मनीकान्त भारद्वाज को 315 बोर के देसी कट्टे के साथ पकड़ा।
  • दूसरा मामला : कैथल-नरवाना रोड कलायत बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे कर्मगढ़ (जींद) निवासी आर्यन उर्फ गोलू को 315 बोर के कट्टे संग काबू किया गया।
  • तीसरा मामला : कैथल-कुरुक्षेत्र रोड पर 152 हाईवे पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए नरवाना (मोर पत्ती) निवासी सौरभ उर्फ डैनी को 32 बोर की देसी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया
  •  चौथा मामला : सीआईए कलायत टीम ने आईटीआई चौक के पास मोटरसाइकिल सवार उचाना (जींद) निवासी साहिल उर्फ गोल्डी की जींस की जेब से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद किया।
  • पांचवां मामला : एसडीयू टीम ने राजौंद-कैथल रोड पर दबिश देकर चीका (संजय बस्ती) निवासी टीटू को एक देसी कट्टे व कारतूस के साथ धर दबोचा।

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )