बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। कई जिलों में नए DDC, SDO और नगर आयुक्त नियुक्त किए गए हैं।
बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों का तबादला किया है।
- Published: 23 Aug 2026, 12:53 PM IST
- Last Updated: 23 Aug 2026, 12:53 PM IST
Bihar IAS transfer: बिहार की ब्यूरोक्रेसी में शनिवार की देर रात एक बार फिर बड़ा उलटफेर किया गया है। राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस सूची में मुख्य रूप से साल 2022 और 2023 बैच के अफसरों के साथ-साथ 2024 बैच के ट्रेनी आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल के तहत प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में उप विकास आयुक्त (DDC), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और नगर निगम आयुक्तों के पद पर नए चेहरों को तैनात किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना
शनिवार की देर रात सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से इन सभी तबादलों और नई नियुक्तियों को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके तहत कई युवा और ऊर्जावान अधिकारियों को अहम प्रभार दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, श्रेया श्री को खगड़िया का नया उप विकास आयुक्त (DDC) बनाया गया है। वहीं, बाढ़ की एसडीओ रहीं गरिमा लोहिया को दरभंगा नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा दानापुर के एसडीओ अनिरुद्ध पाण्डेय को पूर्णिया नगर निगम के आयुक्त की कमान सौंपी गई है, जबकि पूर्णिया के एसडीओ रहे तुषार कुमार को मधुबनी का उप विकास आयुक्त बनाया गया है।
इन युवा अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
इस प्रशासनिक बदलाव में कई अन्य युवा अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है। कटिहार के एसडीओ प्रधुम्न सिंह यादव को उद्योग विभाग के तहत खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। मुजफ्फरपुर पश्चिमी की एसडीओ आकांक्षा आनंद को सासाराम का DDC और अरेराज (पूर्वी चंपारण) की एसडीओ अंजलि शर्मा को समाज कल्याण विभाग में निदेशक बनाया गया है।
नौगछिया के एसडीओ रोहित कर्दम को जमुई का उप विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, शिप्र विजयकुमार चौधरी को जमुई का उप विकास आयुक्त और नेहा कुमारी को कटिहार जिले का नया उप विकास आयुक्त बनाया गया है।
बदले गए कई जिलों के SDO और अन्य अधिकारी
सरकार की ओर से जारी आदेश में कई उपखंडों (अनुमंडलों) की कमान भी नए अधिकारियों को सौंपी गई है। भागलपुर के कृष्ण चंद्र गुप्ता को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर का नया एसडीओ और प्रिया रानी को सासाराम का एसडीओ बनाया गया है।
इसके अलावा कृष्णा जोशी को बाढ़, प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा, अजय यादव को बेगूसराय, सूरज कुमार को कटिहार, विग्नेश टीए को पूर्णिया, जतिन कुमार को शेरघाटी (गया), के. परीक्षित को नौगछिया (भागलपुर), महेश कुमार को तारापुर (मुंगेर) और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यभार को संभालने के निर्देश दिए गए हैं।