बिहार के बक्सर में राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली मोड़ के पास सड़क पर अचानक आए बंदर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अहिरौली मोड़ के पास अचानक सड़क पर एक बंदर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने अधिक खून बह जाने के कारण एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
विज्ञापन
मृतक और घायल की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अनिकेत पासवान (20 वर्ष), पिता मनोज पासवान के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर की पहचान शिवम पासवान (16 वर्ष), पिता सुधीर पासवान के रूप में हुई है। दोनों बक्सर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के दहिवर गांव के रहने वाले हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
विज्ञापन
पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि अहिरौली मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हाईवे पर खड़े वाहन और आवारा जानवर बन रहे हादसों की वजह
गौरतलब है कि आरा-बक्सर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर सड़क किनारे खड़े वाहनों और आवारा जानवरों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।