
मोबाइल चार्ज कराने के लिए जनरेटर के आगे लगी कतार.
Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा और गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. राघोपुर दियारा इलाके में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. बाढ़ के खतरे को देखते हुए बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है. ऐसे में लोगों के सामने मोबाइल चार्ज करना भी बड़ी समस्या बन गया है. बता दें कि राघोपुर पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है.
सड़क किनारे जनरेटर से मोबाइल चार्ज
राघोपुर के मलिकपुर कबीर चौक पर लोग मोबाइल चार्ज कराने के लिए पहुंच रहे हैं. यहां सड़क किनारे जनरेटर चलाकर मोबाइल चार्ज किए जा रहे हैं. इसके लिए लोगों से प्रति मोबाइल 20 रुपए लिए जा रहे हैं. बिजली नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपना मोबाइल चार्ज कराने के लिए यहां पहुंच रहे हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार में जलप्रलय! बाढ़ से 23 लाख लोग प्रभावित, अब तक 20 मौतें, पवन सिंह के घर में घुसा पानी
परिवार से संपर्क का एकमात्र सहारा मोबाइल
बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मोबाइल बेहद जरूरी हो गया है. बाढ़ के कारण कई इलाकों का संपर्क प्रभावित है. ऐसे में दूर रहने वाले रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों से बातचीत करने के लिए मोबाइल ही सबसे बड़ा सहारा है. लोगों का कहना है कि मोबाइल के जरिए ही उन्हें अपने परिवार और रिश्तेदारों का हालचाल मिलता है. इसके अलावा बाढ़ की स्थिति और आसपास की खबरों की जानकारी भी मोबाइल के जरिए ही मिल रही है. इसलिए मोबाइल की बैटरी खत्म होने पर उनकी परेशानी बढ़ जाती है.
दुकानदार के पास लगी रहती है भीड़
मोबाइल चार्ज करने वाले दुकानदार का कहना है कि राघोपुर क्षेत्र में बाढ़ के कारण चारों तरफ पानी फैला हुआ है. घरों में बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है. ऐसे में लोग मोबाइल चार्ज कराने के लिए जनरेटर से चलने वाली दुकान पर पहुंच रहे हैं.
दुकानदार के मुताबिक, दिनभर मोबाइल चार्ज कराने वालों की भीड़ लगी रहती है. लोग 20 रुपये देकर अपने मोबाइल चार्ज करा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर अपने परिवार और परिचितों से संपर्क कर सकें. वहीं दुकानदार ने बताया कि एक दिन में करीब 400 से 500 मोबाइल यहां चार्ज होता है. प्रतिदिन 2 से 3 हजार का कमाई हो जा रही है.
बाढ़ के बीच जरूरी सुविधा बना मोबाइल
बाढ़ के इस मुश्किल समय में मोबाइल लोगों के लिए सिर्फ बातचीत का साधन नहीं, बल्कि जरूरी सूचना और संपर्क का माध्यम भी बन गया है. बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोग पैसे देकर मोबाइल चार्ज कराने को मजबूर हैं. राघोपुर में बाढ़ के बीच 20 रुपये में मोबाइल चार्ज कराने की यह तस्वीर लोगों की परेशानी और जरूरत दोनों को दिखाती है.

संजीत कुमार
पढ़ने और फुटबॉल खेलने का शौक. प्रभात खबर, ETV बिहार-झारखंड में काम करने का अनुभव.
Read More