Aug 26, 2026 07:34 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

मुख्य बातें
- मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में शुरू की गईं कई योजनाओं में बीमा से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं
- इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) भी है
- इस योजना में सालाना सिर्फ ₹20 का प्रीमियम देकर बीमा कवर लिया जा सकता है

मोदी सरकार की योजना
नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में कई योजनाएं शुरू की गई थीं। इनमें से दो बड़ी योजना बीमा कवर को लेकर थी। इन दोनों ही बीमा योजना के लिए सालाना मामूली प्रीमियम रखा गया। इसमें भी एक योजना ऐसी है, जिसका प्रीमियम सिर्फ 20 रुपये है। इस योजना का नाम- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा (PMSBY) है। इस योजना का सालाना प्रीमियम सिर्फ 20 रुपये है। आइए डिटेल में योजना के बारे में जान लेते हैं।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
यह एक साल की पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस स्कीम है, जिसे हर साल रिन्यू किया जा सकता है। यह योजना दुर्घटना के कारण मृत्यु/विकलांगता के लिए कवरेज देती है। इसके लिए 18 से 70 साल की उम्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। ये उन लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध है जिनका बैंक अकाउंट है और जो इसमें शामिल होने और ऑटो-डेबिट की सुविधा चालू करने के लिए अपनी सहमति देते हैं।
किन हालातों में मिलती है रकम
बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर ₹2 लाख की राशि मिलती है। वहीं, दोनों आंखों की पूर्ण और अपूरणीय क्षति, दोनों हाथों या दोनों पैरों की उपयोग क्षमता पूरी तरह खत्म होने, या एक आंख की रोशनी जाने के साथ एक हाथ या एक पैर की क्षति होने पर भी ₹2 लाख का बीमा लाभ मिलता है। इसके अलावा, एक आंख की दृष्टि की पूर्ण और अपूरणीय क्षति या एक हाथ अथवा एक पैर की क्षति होने पर ₹1 लाख की बीमा राशि दी जाती है।
सालाना प्रीमियम: ₹20 प्रति वर्ष
रिस्क कवर की अवधि: 1 जून से 31 मई तक
कवरेज: मृत्यु या पूरी तरह से स्थायी विकलांगता होने पर ₹2 लाख और आंशिक विकलांगता होने पर ₹1 लाख का कवरेज
रिन्यू: हर साल इस योजना को रिन्यू किया जाता है
अप्लाई का तरीका: किसी भी नोटिफाई बैंक में ऑनलाइन बीमा को लिया जा सकता है।
भुगतान का तरीका: सब्सक्राइबर के बैंक अकाउंट से ऑटो-डेबिट के जरिए प्रीमियम का भुगतान होता है।
बीमा कवर कब बंद हो जाएगा?
-जब सदस्य 70 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेता है। यदि सदस्य का बैंक या डाकघर खाता बंद हो गया है या प्रीमियम काटने के लिए पर्याप्त शेष राशि नहीं है। कोई सदस्य एक से अधिक खातों के माध्यम से नामांकित है और प्रीमियम गलती से कई बार प्राप्त हो जाता है तो भी बीमा लाभ केवल 2 लाख रुपये तक ही सीमित रहेगा। कहने का मतलब है कि महज ₹20 सालाना में मिलने वाला यह कवर दुर्घटना की स्थिति में परिवार के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बन सकता है।