Rise And Fall 2: एमएक्स ओरिजिनल और प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के टावर में तीसरे दिन हुए ड्रामे की आग अभी ठंडी नहीं हुई है. शहजाद पूनावाला के साथ हुई तीखी हाथापाई और कपड़े फाड़ने के चलते सिवेत तोमर को मेकर्स ने भले ही आनन-फानन में शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया था, लेकिन खेल अभी खत्म नहीं हुआ है. ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स सिवेत तोमर को एक बार फिर कटघरे में खड़ा करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, होस्ट वीरेंद्र सहवाग अब इस पूरे मामले में सीधे मोर्चा संभालने जा रहे हैं और सिवेत तोमर को आमने-सामने की बातचीत के लिए वापस बुलाया जा सकता है.
सहवाग लगाएंगे क्लास
सूत्रों के हवाले से खबर है कि वीरू पाजी अपने जाने-पहचाने बेपरवाह अंदाज से हटकर इस बार काफी सख्त मूड में नजर आने वाले हैं. वे सिवेत के हिंसक और आक्रामक रवैये पर उन्हें जमकर लताड़ लगाएंगे. सहवाग साफ लफ्जों में ये समझाने वाले हैं कि खेल का दबाव अपनी जगह है, लेकिन टावर के भीतर अनुशासनहीनता और हाथ-पैर चलाने की हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
क्या घरवालों की वोटिंग तय करेगी सिवेत की किस्मत?
मजेदार बात ये है कि बात सिर्फ सहवाग की डांट तक नहीं रुकेगी. डांट-फटकार के बाद असली फैसला घरवालों के पाले में डाला जा सकता है. मेकर्स टावर के बाकी कंटेस्टेंट्स से वोटिंग करवा सकते हैं कि क्या सिवेत तोमर को खेल में दूसरा मौका मिलना चाहिए या उन्हें हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए. टावर के अंदर समीकरण पल-पल बदलते हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सहवाग की फटकार के बाद कौन-कौन से सदस्य सिवेत के समर्थन में हाथ उठाते हैं और कौन उन्हें हमेशा के लिए विदा करने का मन बना चुका है.
शहजाद को भी दी जाएगी सलाह
इस पंचायत में सिर्फ हाथापाई ही नहीं, बल्कि जुबान की मर्यादा पर भी बात होगी. शहजाद पूनावाला के खिलाफ इस्तेमाल की गई तीखी भाषा और बाहर की निजी बातों को घसीटने पर भी सहवाग कड़ा रुख अपनाएंगे. मेकर्स का मानना है कि गेम की स्ट्रैटेजी और निजी हमलों के बीच एक साफ लकीर होनी चाहिए, जिसे पार करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती.
स्वरा भास्कर और करण पटेल को दो टूक अल्टीमेटम!
इस ड्रामे का सबसे बड़ा झटका सिवेत के पक्ष में खड़े होने वाले स्वरा भास्कर और करण पटेल को लग सकता है. जब सिवेत को निकाला गया था, तब इन दोनों ने शहजाद के उकसावे का हवाला देकर वॉकआउट का ऐलान कर दिया था. सहवाग इन दोनों दिग्गजों को भी सख्त अल्टीमेटम दे सकते हैं. उन्हें दो टूक कहा जाएगा कि किसी के गलत आचरण का समर्थन करने की एक कीमत होती है. अगर वे अब भी सिवेत के हिंसक बर्ताव को सही ठहराते हैं, तो उनके लिए भी शो का दरवाजा खुला है. वे सिवेत के साथ बाहर जा सकते हैं.
सहवाग की ये आने वाली क्लास ‘राइज एंड फॉल 2’ के खेल का पूरा पासा पलट सकती है. अब देखना ये है कि सिवेत की माफी काम आती है या फिर टावर की वोटिंग उनके सफर पर हमेशा के लिए ताला लगा देती है.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More