कुरुक्षेत्र में इतिहास रचेंगे दो बड़े प्रोजेक्ट: देश का पहला एलिवेटेड प्लेटफॉर्म शुरू, 170 करोड़ में बनेगा डिजिटल सिख म्यूजियम - Haribhoomi

Published on 17 जुल॰ 2026

सिख म्यूजियम में सिख इतिहास और गुरुओं की शिक्षाओं को डिजिटल व इंटरएक्टिव तकनीक और ऑडियो-वीडियो शो के जरिए दिखाया जाएगा। दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास 5 एकड़ में 3 साल के भीतर बनकर तैयार होगा।

PM Modi Kurukshetra Visit.

कुरुक्षेत्र को पीएम मोदी ने दी 617 करोड़ रुपये की दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात।

  • Published: 17 Jul 2026, 03:52 PM IST
  • Last Updated: 17 Jul 2026, 03:52 PM IST

कुरुक्षेत्र में इतिहास रचेंगे दो बड़े प्रोजेक्ट: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के विकास और बुनियादी ढांचे के इतिहास में आज शुक्रवार का दिन एक नया मील का पत्थर साबित हुआ है। हरियाणा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की धरती से कुरुक्षेत्र को 617 करोड़ रुपये की दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का वर्चुअल शिलान्यास किया और साथ ही एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण भी किया।

कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी और थानेसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित इन भव्य कार्यक्रमों में सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

447 करोड़ का एलिवेटेड ट्रैक हुआ तैयार
कुरुक्षेत्र की जनता को सालों से रोज-रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से अब हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है। करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का औपचारिक लोकार्पण कर दिया गया है।

5 प्रमुख फाटक हमेशा के लिए बंद: इस ट्रैक के शुरू होने से शहर के पांच व्यस्त रेलवे फाटक- झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने और थर्ड गेट फाटक-हमेशा के लिए खत्म हो गए हैं। अब ट्रेनें ऊपर से गुजरेंगी और नीचे सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।

  • प्रदेश का पहला एलिवेटेड प्लेटफॉर्म: इस परियोजना के तहत कुरुक्षेत्र को हरियाणा का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी मिला है, जिसकी लंबाई करीब 600 मीटर है।
  • ट्रैफिक का दबाव कम करने का सुझाव: लोकार्पण से पहले सांसद नवीन जिंदल ने नए रेलवे स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुझाव दिया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन की एंट्री मुख्य सड़क की बजाय साइड से विकसित की जाए, ताकि भविष्य में जाम की स्थिति न बने।

170 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला भव्य सिख म्यूजियम
प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले अत्याधुनिक सिख संग्रहालय (Sikh Museum) का भी शिलान्यास किया। दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास 5 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस दो मंजिला डिजिटल म्यूजियम को आगामी 3 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

म्यूजियम की मुख्य विशेषताएं

  • डिजिटल तरीके से दिखेगा इतिहास: प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, शिक्षाओं और संघर्षों को आधुनिक डिजिटल और इंटरएक्टिव तकनीक के माध्यम से दर्शाया जाएगा।
  • 15 मीटर ऊंचा घूमता 'खंडा': इस म्यूजियम की इमारत के ऊपर स्टील का विशाल पगड़ीनुमा ढांचा होगा। परिसर में 15 मीटर ऊंचा धातु का घूमता हुआ खंडा साहिब स्थापित किया जाएगा, जो हाईवे से ही लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
  • रिसर्च सेंटर और ऑडिटोरियम: परिसर में सिख इतिहास पर शोध के लिए रिसर्च सेंटर, एक समृद्ध लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर, म्यूजिकल फाउंटेन और आधुनिक स्टिल्ट पार्किंग विकसित की जाएगी।

नवीन जिंदल बोले-15 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा हरियाणा 
इस ऐतिहासिक मौके पर सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। मीडिया से बातचीत में नवीन जिंदल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा को 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। इनसे प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगा। नई सड़कें, मेडिकल कॉलेज और विशेषकर कुरुक्षेत्र का यह एलिवेटेड ट्रैक यहां के विकास को एक नई गति देंगे।"

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।