'पढ़ाई सुधारेगी रिटायर्ड टीचर्स की टीम': भिंड में डाइट में बनेगा एक्सीलेंस मॉनिटरिंग सेंटर, 163 हाई-हायर सेकेंडरी स्कूलों से होगी शुरुआत - Bhind News

Published on 10 अक्टू॰ 2026

भिंड में सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग एक्सीलेंस मॉनिटरिंग सेंटर बनाने जा रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में तैयार होने वाले इस सेंटर से स्कूलों में पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पाठ्यक्रम की प्र

.

रोज के टास्क से परखी जाएगी पढ़ाई की प्रगति

मॉनिटरिंग सेंटर के माध्यम से स्कूलों को नियमित शैक्षणिक कार्यों से जुड़े टास्क दिए जाएंगे। इनके आधार पर पाठ्यक्रम पूरा होने की स्थिति और विद्यार्थियों की पढ़ाई में प्रगति की समीक्षा होगी। जरूरत पड़ने पर शिक्षकों से ऑनलाइन जानकारी भी मांगी जाएगी। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी पढ़ाई में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।

प्राचार्यों और शिक्षकों की जवाबदेही तय होगी

नई व्यवस्था में स्कूलों की शैक्षणिक स्थिति के साथ प्राचार्यों और शिक्षकों की जिम्मेदारी भी तय करने पर जोर रहेगा। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, पाठ्यक्रम पूरा कराने और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए स्कूलवार समीक्षा की जाएगी। कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों को चिह्नित कर सुधार के कदम उठाए जाएंगे।

निगरानी टीम में शामिल होंगे सेवानिवृत्त शिक्षक

सेंटर में शिक्षा विभाग के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की टीम बनाई जाएगी। यह टीम ब्लॉक स्तर से स्कूलों की जानकारी जुटाकर उसका विश्लेषण करेगी। इसके अलावा दूसरे विभागों में अटैच ऐसे कर्मचारियों और शिक्षकों की सेवाएं भी सप्ताह में एक या दो दिन लेने की योजना है, जिनके पास वहां अपेक्षाकृत कम काम है।

पहले 163 हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों पर फोकस

जिले में करीब 2,400 सरकारी स्कूल हैं। इनमें 163 हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। शुरुआत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों से होगी। इसके बाद कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यालयों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

विभाग सांदीपनि और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पालक-शिक्षक संघों को सक्रिय कर विद्यार्थियों की पढ़ाई में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी सुधांशु द्विवेदी के अनुसार, एक्सीलेंस मॉनिटरिंग सेंटर शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर करना और विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित निगरानी करना है।