खानिया बंधे पर नाप-जोख में खुलासा: एक्सीडेंट जोन में 160 फीट का सर्किल बनाने पहुंचा जेडीए, 200 फीट सड़क 60 फीट ही मिली - Jaipur News

Published on 22 अक्टू॰ 2026

आगरा रोड पर गोनेर मोड़ के पास खानिया बंधे के एक्सीडेंट जोन में हादसे रोकने के लिए 160 फीट का सर्किल बनाने निकले जेडीए को अपनी ही करीब ढाई बीघा जमीन पर दुकानें और ढाबा संचालित होते मिले। जेडीए के स्वीकृत नक्शे और मास्टर प्लान में यह सड़क 200 फीट प्रस्

.

  • 5 साल में 8 बार शिकायत के बावजूद नहीं हटे कब्जे

ड्रोन से नाप-जोख में खुलासा; दुकानें-ढाबे व सड़क पर खड़े ट्रक

जेडीए ने ड्रोन से तस्वीरें लेकर मौके की स्थिति देखी। राजस्व रिकॉर्ड से मिलान करने पर करीब ढाई बीघा जमीन पर अतिक्रमण सामने आए। यहां दुकानों और ढाबे के अलावा तीन किराना स्टोर और दो शराब के ठेके भी संचालित हैं। दूसरी तरफ बजरी माफियाओं के ट्रक खड़े रहते हैं। अन्य थड़ियों ने भी सड़क बाधित कर रखी है। आसपास बड़े-बड़े भवन बन चुके हैं। ऐसे में सर्किल के लिए जमीन खाली कराना जरूरी हो गया है। जेडीए की योजना गोनेर रोड पर खानिया बंधे से लूणियावास चौराहे और इंदिरा गांधी नगर तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की है।

गोनेर रोड पर बढ़ा यातायात दबाव, 6 लेन का आरओबी भी प्रस्तावित था

गोनेर रोड, आगरा रोड और खोनागोरियान के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। आसपास आबादी और कॉलोनियां बढ़ने से वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। जेडीए के पुराने परियोजना दस्तावेजों में गोनेर रोड पर दांतली के पास रेलवे क्रॉसिंग पर छह लेन का रेल ओवरब्रिज प्रस्तावित किया गया था। इसकी लंबाई करीब 800 मीटर और चौड़ाई 24.60 मीटर रखी गई थी। पुल के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने की योजना भी थी, ताकि रेलवे फाटक पर बार-बार रुकने वाले यातायात को सुगम बनाया जा सके।

लूणियावास चौराहे पर वाहन टर्न नहीं ले पाते, जाम

गोनेर रोड के लूणियावास चौराहे पर वाहनों के मुड़ने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने, अतिक्रमण और पैदल यात्रियों की आवाजाही के बीच व्यस्त समय में लंबा जाम लगता है। गोनेर संघर्ष समिति के सदस्य रामअवतार अग्रवाल ने बताया कि 5 साल में 8 बार जेडीए को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में संबंधित जमीन का खसरा नंबर भी बताया गया था, जिसमें जमीन जेडीए के नाम दर्ज है।

अब सर्किल बनाने के लिए कब्जे हटाने होंगे

खानिया बंधा चौराहे पर खतरनाक मोड़ होने के कारण यह एक्सीडेंट जोन बन गया है। अब 160 फीट का सर्किल बनाना है, लेकिन नाप-जोख में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिले हैं। इन्हें हटाने के लिए जोन उपायुक्त और विजिलेंस शाखा को पत्र लिखा है, ताकि काम शुरू हो सके। -हेमराज मीणा, अधिशासी अभियंता, जोन-10, जेडीए