पाली में 14 उम्मीदवारों ने नामांकन जमा करवाए: 99 प्रत्याशी ले गए 138 फॉर्म, दावेदारों में मची होड़; मतदान के दिन रहेगी छुट्टी - Pali (Marwar) News

Published on 14 अक्टू॰ 2026

पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में दूसरे चरण के मतदान को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

.

बुधवार को पंचायत समिति परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए पर्चा लेने और जमा करवाने को लेकर दावेदारों में होड़ रही।

बुधवार तक 99 व्यक्तियों को कुल 138 नाम फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कुल 14 नामांकन पत्र आए हैं।

16 अक्टूबर तक जमा होंगे नामांकन पाली के रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए बुधवार तक 99 व्यक्तियों को कुल 138 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए गए हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। नाम निर्देशन पत्र सरकारी छुट्टियों को छोड़कर रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा करवा सकेंगे। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।

पाली पंचायत समिति भवन में बुधवार को नामांकन पत्र जमा करवाते हुए उम्मीदवार।

पाली पंचायत समिति भवन में बुधवार को नामांकन पत्र जमा करवाते हुए उम्मीदवार।

विभिन्न वार्डों से अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए नामांकन रिटर्निंग अधिकारी राणावत के अनुसार- बुधवार को पंचायत समिति सदस्य पद के लिए विभिन्न वार्डों से अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इनमें वार्ड संख्या 11 से गवरी, वार्ड संख्या 13 से रेखा, वार्ड संख्या 8 से सविता, वार्ड संख्या 4 से भूपेन्द्र परिहार, वार्ड संख्या 8 से रेखा, वार्ड संख्या 14 से केसी देवी, वार्ड संख्या 15 से दुर्गेश कंवर, वार्ड संख्या 7 से ताराराम, वार्ड संख्या 16 से प्रेमलता, वार्ड संख्या 12 से कंचन तथा वार्ड संख्या 13 से रीतिका सागर शामिल हैं। इस दौरान तहसीलदार सुनील कुमार भी मौजूद रहे।

चुनाव शाखा के कर्मचारी तैयारियों में जुटे इस दौरान प्रशिक्षु आरएएस अंकिता पाराशर, सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, लक्ष्मण कुमावत, अभिषेक चर्तुवेदी,युजवेन्द्र खेमलानी, जयपाल सिंह, ताराचंद सेजू, मीठालाल चांवरिया, शाहिल जोशी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

मतदान के दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायती सदस्यों के लिए मतदान एवं पंच व सरपंच चुनाव कार्यक्रम निर्धारित तिथि को सम्पन्न करवाए जाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ बजरंगसिंह ने बताया कि चुनावी कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान प्रथम चरण में 22 अक्टूबर, 2026 (गुरुवार), द्वितीय चरण में 28 अक्टूबर, 2026 (बुधवार) को होगा।

इसी प्रकार पंचायतीराज संस्थाओं के पंच व सरपंच पद के लिए मतदान प्रथम चरण में 24 अक्टूबर, 2026 (शनिवार), द्वितीय चरण में 30 अक्टूबर, 2026 (शुक्रवार) को करवाए जाएंगे।

राजस्थान के राज्यपाल द्वारा मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है, जिससे संबंधित क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।