
टिम साइफर्ट का शतक (फोटो-इंस्टाग्राम)
Tim Seifert Century: टी20 क्रिकेट में टिम साइफर्ट की बेहतरीन फॉर्म जारी है. दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक बार फिर धमाकेदार शतक ठोक दिया है. कैरेबियन प्रीमियर लीग के 17वें मैच में टिम साइफर्ट ने अजेय शतक ठोक अपनी टीम को जीत दिलाई. सेंट लूसिया के इस ओपनर ने ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स के खिलाफ 61 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए जिसके दम पर उनकी टीम 20 ओवर में 211 रनों तक पहुंची. जवाब में ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में 175 रन ही बना सकी और उसे 36 रनों से हार मिली. दिलचस्प बात ये है कि ट्रिनबैगो को सीपीएल में हराने वाले साइफर्ट आईपीएल में शाहरुख खान की टीम के लिए खेलते हैं. मतलब आईपीएल में शाहरुख खान को जिताने वाले खिलाड़ी ने सीपीएल में शाहरुख की टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
साइफर्ट ने ऐसे ठोका शतक
टिम साइफर्ट ने क्रीज पर उतरते ही अपने तेवर दिखा दिए. इस खिलाड़ी ने अकील हुसैन की दूसरी ही गेंद पर शानदार चौका लगा दिया.इसके बाद डोमिनिक ड्रेक्स के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन चौके जड़े. 9वें ओवर में साइफर्ट ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. अब्दुल रहीम की गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने 28 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. अर्धशतक लगाने के बाद साइफर्ट और खतरनाक हो गए. इस खिलाड़ी ने अर्धशतक पूरा करने के बाद 10वें ओवर तक तीन छक्के लगा दिए.
साइफर्ट ने 19वें ओवर में सेंट लूसिया का स्कोर 200 पार पहुंचाया और 58 गेंदों में उन्होंने शतक ठोक दिया. साइफर्ट ने अपनी पारी में कुल 9 चौके और 5 छक्के लगाए. साइफर्ट की अच्छी बात ये रही कि उन्होंने तीन खिलाड़ियों के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की. उन्होंने कामिल पूरन के साथ 34 गेंदों में 60 रन जोड़े जॉन कैम्पबल के साथ उन्होंने 38 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी की. चरित असालंका के साथ इस खिलाड़ी ने 36 गेंदों में 51 रन जोड़े.
Seifert! Take a Bow! 👏
The first century of CPL26 belongs to Tim Seifert! 🇹🇹 x 🇱🇨#CPL26 #TKRvSLK #BiggestPartyInSport #CricketPlayedLouder #RepublicBank pic.twitter.com/raK8yCikx0
— CPL T20 (@CPL) August 27, 2026
साइफर्ट की कमाल फॉर्म
टिम साइफर्ट पिछले दो सालों से कमाल फॉर्म में नजर आ रहे हैं. वो टी20 क्रिकेट में 6 शतक लगा चुके हैं जिसमें से दो शतक तो उन्होंने पिछले दो सालों में लगाए हैं. उनके शतकों का खेल लंका प्रीमियर लीग 2024 से शुरू हुआ था. इसके बाद उन्होंने बिग बैश लीग, पिछले साल कैरेबियन प्रीमियर लीग में शतक लगाया. अब उन्होंने एक बार फिर कैरेबियन प्रीमियर लीग में सेंचुरी लगा दी है.

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More