.
जिन विद्यालयों के आंगन में बच्चों की किलकारियां गूंजनी चाहिए, जहां खेल के मैदान में भविष्य की उड़ान भरने का अभ्यास होना चाहिए, वहां की जमीन पर अतिक्रमण का पहरा है। कहीं दुकानें सज गई हैं, कहीं झोपड़ियां खड़ी हो गई हैं, तो कहीं विद्यालय की जमीन पर खेती की जा रही है। समस्तीपुर जिले में सरकारी स्कूलों की जमीन पर कब्जे की तस्वीर चिंताजनक है।
जिले के सभी 20 प्रखंडों के 134 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की कुल 7844.62 डिसमिल जमीन अतिक्रमण की चपेट में है।विडंबना यह है कि शिक्षा का अधिकार देने वाली व्यवस्था अपने ही विद्यालयों की जमीन को सुरक्षित रखने के लिए संघर्ष कर रही है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, खेलकूद के लिए मैदान और अतिरिक्त गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह मिलनी चाहिए, लेकिन सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के कारण इन संभावनाओं पर ग्रहण लगा हुआ है।विभागीय आंकड़ों के अनुसार, समस्तीपुर प्रखंड अतिक्रमण के मामले में सबसे आगे है। यहां 40 विद्यालयों की 2946.5 डिसमिल जमीन पर कब्जा दर्ज है। इसके बाद उजियारपुर में 19 विद्यालयों की 564.3 डिसमिल तथा विद्यापतिनगर में 12 विद्यालयों की 293.88 डिसमिल भूमि अतिक्रमित बताई गई है।पूसा में 10 विद्यालयों की 758.25 डिसमिल जमीन पर कब्जा है। मोरवा के एक विद्यालय की 1124.8 डिसमिल भूमि अतिक्रमण की सूची में शामिल है। यह आंकड़ा विशेष रूप से ध्यान खींचता है, क्योंकि एक ही विद्यालय की जमीन का रकबा एक हजार डिसमिल से अधिक बताया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने क्षेत्र के अंचल अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाकर जमीन से जुड़े अभिलेखों के आधार पर सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
छोटे-छोटे भूखंडों पर भी नहीं छोड़ा कब्जा, कार्रवाई की मांग अतिक्रमण की जद में केवल बड़े विद्यालय ही नहीं हैं। संत कबीर सीनियर सेकेंड्री स्कूल हरिशंकरी की 12 डिसमिल, उच्च माध्यमिक विद्यालय छतौना की 12 डिसमिल और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय खोरी की 10 डिसमिल जमीन अतिक्रमित बताई गई है।उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकअब्दुल गनी उर्दू तथा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय हरपुर निजामत की आठ-आठ डिसमिल जमीन पर कब्जा है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाट की छह डिसमिल और नवसृजित प्रावि दलित टोल की पांच डिसमिल भूमि भी इस सूची में है।
रोसड़ा के दो व हसनपुर के 3 स्कूलों की जमीन पर कब्जा अन्य प्रखंडों में रोसड़ा के दो विद्यालयों की 468.75 डिसमिल, हसनपुर के तीन विद्यालयों की 350 डिसमिल, विभूतिपुर के दो विद्यालयों की 224.83 डिसमिल, सरायरंजन के सात विद्यालयों की 208.5 डिसमिल और दलसिंहसराय के दो विद्यालयों की 204.5 डिसमिल जमीन अतिक्रमित है।मोहिउद्दीननगर में एक स्कूल की 176 डिसमिल, खानपुर के चार स्कूलों की 145, शिवाजीनगर के आठ स्कूलों में 130 डिसमिल, कल्याणपुर के 7 विद्यालयों की 71 डिसमिल जमीन पर कब्जा।