राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से नवाजे जाएंगे 'पंचायत' एक्टर रघुबीर यादव, 12 अक्टूबर से खंडवा में होगा समारोह

Published on 7 अक्टू॰ 2026

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से नवाजे जाएंगे ‘पंचायत’ एक्टर रघुबीर यादव, 12 अक्टूबर से खंडवा में होगा समारोह

रघुबीर यादव को मिलेगा अवॉर्ड

National Kishore Kumar Award: वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान का किरदार निभाकर सभी के दिल में अपनी जगह बनाने वाले एक्टर रघुबीर यादव चर्चा में आ गए हैं. रघुबीर यादव बॉलीवुड में लंबे समय से अभिनय कर रहे हैं और अपने कई किरदारों के लिए जाने जाते हैं. रघुबीर के अभिनय के लाखों लोग फैन हैं. अब उनके काम, मेहनत और दमदार अभिनय के लिए उन्हें बड़ा सम्मान मिलने वाला है. जी हां, रघुबीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से नवाजा जाएगा.

अभिनेता को ये सम्मान खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा. जिसका आयोजन 12 और 13 अक्टूबर को किया गया है. इस कार्यक्रम में अवॉर्ड देने के अलावा सुरों की महफिल भी सजने वाली है. जिसमें कई कलाकार अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. साथ ही किशोर कुमार के मशहूर गाने गाकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे.

ये भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने क्यों 8 साल तक छुपाकर रखा था अपना रिश्ता, अब किया खुलासा

किस दिन मिलेगा अवॉर्ड?

ये कार्यक्रम 2 दिन का है, जिसमें 12 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खंडवा पुलिस ग्राउंड में पहले किशोर कुमार को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद अगले दिन यानी 13 तारीख को एक्टर रघुबीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके शानदार योगदान के लिए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. सम्मान के तौर पर रघुवीर यादव को 5 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका दी जाएगी. इतना ही नहीं, इस कार्यक्रम में मुंबई के मशहूर सिंगर सुदेश भोंसले और उनकी टीम परफॉर्म करेगी. कार्यक्रम में सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. कार्यक्रम की मेजबानी प्रदीप जैन करेंगे.

1997 से दिया जा रहा है यह सम्मान

मध्य प्रदेश सरकार ने किशोर कुमार की याद में 1997 से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान देना शुरू किया था. यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले कलाकारों को दिया जाता है. इसमें निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन जैसे क्षेत्रों में योगदान देने वाले कलाकार शामिल हैं. दोनों दिन कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे होगी. खास बात यह है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दर्शकों से कोई टिकट नहीं लिया जा रहा है.

प्रतीक मिश्रा

प्रतीक मिश्रा

पत्रकारिता के तीनों आयाम प्रिंट, टीवी और डिजिटल में काम करने का अनुभव. पेशेवर वकील से पत्रकार होकर विगत 10 वर्षों से यात्रा जारी है. माखनलाल चतुर्वेदी की कर्मस्थली खंडवा में जन्म और वहीं से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. अब TV9 भारतवर्ष के लिए सेवाएं जारीं.

Read More

google button