ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: खरगोन, बड़वानी, धार में 12 वारदात कबूली; 4 आरोपियों से 22 लाख का सामान जब्त - Khargone News

Published on 7 सित॰ 2026

खरगोन में बिजली ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाले चार सदस्यों के गिरोह का बलकवाड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह में धार जिले के धरमपुरी का एक खरीदार भी शामिल है। आरोपी ट्रांसफार्मर के निचले हिस्से में कट लगाकर ऑयल निकालते और उसे बेच देते थे। पुल

.

कई थाना क्षेत्रों में चोरी कबूली

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खरगोन के खलटाका, बलकवाड़ा, कसरावद, मेनगांव और सेगांव के अलावा बड़वानी के जुलवानिया व ठीकरी तथा धार के धामनोद और धरमपुरी थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करना कबूल किया है।

एक महीने में पांच ट्रांसफार्मर मिले थे बंद

बलकवाड़ा थाना क्षेत्र में एक महीने के दौरान बिजली कर्मचारियों को निरीक्षण के दौरान पांच ट्रांसफार्मर बंद मिले थे। जांच में पता चला कि ट्रांसफार्मर के निचले हिस्से में कट लगाकर उसमें भरा ऑयल निकाल लिया गया था। मामले में पुलिस ने पांच केस दर्ज किए। थाना प्रभारी सागर चौहान और खलटाका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

करण से पूछताछ में सामने आए अन्य नाम

एडिशनल एसपी शकुंतला रहल ने बताया कि जांच के दौरान रूपखेड़ा निवासी करण डावर का नाम सामने आया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। करण ने पुलिस को बताया कि उसने बद्री कवचे और बबलू चौहान निवासी कुंडिया, थाना ठीकरी के साथ मिलकर वारदातें की थीं। चोरी का ऑयल वे धरमपुरी निवासी शाहवाज उर्फ राजा को बेचते थे।

1860 लीटर ऑयल और तीन कारें जब्त

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 1860 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया। इसके अलावा बैलेनो, ईको और ओमिनी कार, आरी पत्ता, साइकिल का ट्यूब और झब्बी समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पप्पू के खिलाफ पहले से अपहरण, बलात्कार और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

ऑयल चोरी से किसानों की बिजली होती थी बंद

ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने के बाद बिजली सप्लाई बंद हो जाती थी। इससे किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही थी। भारतीय किसान संघ लंबे समय से ऑयल चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था। पिछले सप्ताह किसानों ने रैली निकालकर कसरावद एसडीएम अनिल जैन को ज्ञापन भी सौंपा था। गिरोह के पकड़े जाने के बाद किसान संघ ने पुलिस टीम का सम्मान किया।