10 विकेट... इंग्लैंड में कुलदीप यादव का ऐतिहासिक स्पेल, करियर में पहली बार किया ऐसा

Published on 10 सित॰ 2026

10 विकेट… इंग्लैंड में कुलदीप यादव का ऐतिहासिक स्पेल, करियर में पहली बार किया ऐसा

कुलदीप यादव की जादूई गेंदबाजी. (फोटो- GETTY)

Kuldeep Yadav In County Championship: भारतीय टीम के स्टार चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी गेंदों का ऐसा जादू बिखेरा कि विरोधी टीम पूरी तरह नतमस्तक हो गई हेडिंग्ले में खेले गए डिवीजन वन के मुकाबले में कुलदीप और तेज गेंदबाज जॉर्ज हिल के दम पर यॉर्कशर ने एसेक्स को सिर्फ तीन दिनों के अंदर पारी और 106 रनों से करारी शिकस्त दी. इस मुकाबले की दोनों ही पारियों में कुलदीप यादव छाए रहे और करियर का बेस्ट बॉलिंग फिगर हासिल किया.

कुलदीप यादव की जादूई गेंदबाजी

कुलदीप ने इस मैच की पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाते हुए अपने फर्स्ट क्लास करियर का बेस्ट प्रदर्शन दर्ज किया और मैच में 120 रन देकर कुल 10 विकेट हासिल किए. उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में पहली बार एक मुकाबले में 10 विकेट लेने का कारनामा किया, जिसके चलते यॉर्कशर ने एसेक्स को बुरी तरह रौंदा.

कुलदीप यादव के आगे एसेक्स का सरेंडर

इस मैच में यॉर्कशर ने पहली पारी में 390 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद गेंदबाज ने मुकाबले को एकतरफा कर दिया. इस स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी एसेक्स की पहली पारी सिर्फ 171 रनों पर सिमट गई. इस दौरान हिल ने 12 रन देकर 3 विकेट लिए और कुलदीप यादव ने 20 ओवर में 70 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. ऐसे में विशाल बढ़त हासिल करने के बाद यॉर्कशर ने एसेक्स को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया.

दूसरी पारी में एसेक्स की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. जॉर्ज हिल ने शुरुआती 9 ओवरों में डीन एल्गर और टॉम वेस्टली को आउट कर झटके दिए. इसके बाद लंच से ठीक पहले कुलदीप यादव ने लगातार दो गेंदों पर चार्ली एलिसन और मैट क्रिचली को चलता किया. कुलदीप भले ही हैट्रिक से चूक गए, लेकिन उन्होंने ल्यूक बेनकेनस्टीन को पहली स्लिप में कैच कराकर अपनी तीसरी सफलता हासिल की. इसके बाद कुलदीप ने जॉर्ज बेल, जमान अख्तर और सैम कुक को अपना शिकार बनाया.

डिवीजन वन में यॉर्कशर की जगह लगभग पक्की

इस एकतरफा और धमाकेदार जीत के साथ यॉर्कशर ने 22 पॉइंट्स बटोरे हैं. 12 मैचों में यह उनकी चौथी जीत है, जिसने उन्हें निचले पायदानों से सुरक्षित दूरी दिलाते हुए अगले सीजन के लिए काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में बने रहना लगभग तय कर दिया है. दूसरी ओर, सीजन की छठी हार के बाद एसेक्स पर रेलिगेशन का खतरा गहरा गया है. यॉर्कशर की टीम अब अगले हफ्ते हेडिंग्ले में खिताब की दावेदार समरसेट की मेजबानी करेगी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button