हरियाणा में आयुष्मान सेवाओं पर संकट: 1 सितंबर को मरीजों का इलाज बंद, निजी अस्पताल बोले- बकाया भुगतान नहीं मिला तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी  - Haribhoomi

Published on 31 अग॰ 2026

IMA का दावा है कि पिछले 4 से 8 महीनों से आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों का लगभग 1,200 करोड़ रुपए का भुगतान अटका हुआ है,यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ  16 सितंबर से पूरे प्रदेश में आयुष्मान सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएंगी।

Ayushman Bharat Haryana Strike.

हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों को पिछले 4 से 8 महीने से भुगतान नहीं मिलने के विरोध में 1 सितंबर को होगा मरीजों का इलाज स्थगित।

  • Published: 31 Aug 2026, 05:04 PM IST
  • Last Updated: 31 Aug 2026, 05:04 PM IST

हरियाणा में आयुष्मान सेवाओं पर संकट: आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों को पिछले 4 से 8 महीने से भुगतान नहीं मिलने के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) हरियाणा ने 1 सितंबर को 24 घंटे के लिए आयुष्मान योजना के मरीजों का इलाज स्थगित रखने का ऐलान किया है।

IMA हरियाणा के अनुसार, प्रदेश के निजी अस्पतालों के करीब 1,200 करोड़ के क्लेम का भुगतान बकाया है। एसोसिएशन ने इसे लेकर आयुष्मान योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर चिकित्सकों की नाराजगी दर्ज कराई है।

1 सितंबर को 24 घंटे सांकेतिक हड़ताल
IMA हरियाणा ने कहा है कि भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण प्रदेश के आयुष्मान योजना से जुड़े निजी अस्पताल 1 सितंबर को 24 घंटे तक योजना के मरीजों का इलाज नहीं करेंगे।

एसोसिएशन के मुताबिक, यह सांकेतिक हड़ताल बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग को लेकर की जा रही है। इससे आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीज प्रभावित हो सकते हैं।

4 से 8 महीने से भुगतान लंबित होने का दावा
IMA हरियाणा का कहना है कि आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों द्वारा किए गए क्लेम का भुगतान पिछले 4 से 8 महीने से लंबित है। एसोसिएशन ने दावा किया है कि प्रदेश के निजी अस्पतालों का कुल करीब 1,200 करोड़ रुपए बकाया है।

IMA ने सरकार से बकाया राशि का जल्द भुगतान करने के साथ-साथ भविष्य में अस्पतालों को समय पर आयुष्मान सेवाओं की राशि उपलब्ध कराने के लिए नियमित व्यवस्था बनाने की मांग की है।

16 सितंबर से अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
IMA हरियाणा की प्रधान डॉ. सुनीला सोनी ने आयुष्मान योजना के CEO को भेजे पत्र में कहा है कि यदि जल्द बकाया भुगतान नहीं किया गया और भविष्य में समय पर भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो 16 सितंबर से पूरे हरियाणा में आयुष्मान सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएंगी।

एसोसिएशन ने सरकार से मामले का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निजी अस्पतालों की भुगतान व्यवस्था पर सवाल
IMA हरियाणा के संरक्षक डॉ. आरके चौधरी के अनुसार, निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को उपचार उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण अस्पतालों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

एसोसिएशन का कहना है कि यदि बकाया राशि का भुगतान समय पर नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

फिलहाल IMA हरियाणा ने 1 सितंबर की 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल और 16 सितंबर से अनिश्चितकालीन सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।