0,0,0,0,0,W... रोहित शर्मा को कैच छोड़ने वाले ने ही किया आउट, 200वीं पारी में जड़े इतने चौके-छक्के

Published on 27 सित॰ 2026

0,0,0,0,0,W… रोहित शर्मा को कैच छोड़ने वाले ने ही किया आउट, 200वीं पारी में जड़े इतने चौके-छक्के

रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहेImage Credit source: PTI

India vs West Indies 1st ODI: सेलेक्शन को लेकर सवाल और बवालों के बीच रोहित शर्मा के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत कोई खास नहीं रही. तिरुवनंतपुरम में वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित ने अपने बल्ले से कुछ दमदार शॉट्स लगाए लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चली. खास तौर पर जिस अंदाज में वो आउट हुए, उसने परेशान किया. वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर अपनी 200वीं पारी को रोहित यादगार बनाने में नाकाम रहे और 32 रन बनाकर आउट हो गए.

अच्छी शुरुआत की, जीवनदान भी मिला

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारतीय टीम 296 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने शुरुआती 3-4 ओवर में संभल कर खेला और फिर हाथ खोले. ज्यादातर मौकों की तरह एक बार फिर रोहित ने ही पहले आक्रामक रुख अपनाया और हिटमैन ने विंडीज के गेंदबाजों को निशाने पर लिया. इस दौरान उन्होंने लगातार 2 ओवर में एक-एक छक्का लगाया.

मगर इन दो छक्कों के बीच में ही रोहित शर्मा ने एक मौका भी दिया, जिसे वेस्टइंडीज के गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने गंवा दिया. छठे ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित ने पुल शॉट जमाया और गेंद 6 रन के लिए जाती हुई दिख रही थी. मगर डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर लंबे कद के खिलाड़ी जोसेफ ने हाथ ऊंचाकर गेंद को रोक लिया. गेंद उनके हाथों में थी और वो आसानी से इसे कैच कर सकते थे. मगर उन्होंने ये सोचकर इसे जानबूझकर गिरा दिया कि कहीं वो खुद बाउंड्री के पार न चले जाएं.

फिर ऐसे आउट हुए रोहित शर्मा

रोहित उस वक्त सिर्फ 16 रन पर थे और इसका फायदा उठाते हुए हिटमैन ने 2 छक्के और लगाए. मगर फिर अल्जारी जोसेफ ने खुद पूर्व भारतीय कप्तान से हिसाब बराबर किया, वो भी एक जबरदस्त ओवर में. पारी के 12वें ओवर में अल्जारी ने शॉर्ट बॉल और लंबी गेंद की वेरिएशन के साथ उन्हें परेशान किया. रोहित ने 2 बार फ्लिक शॉट पर छक्का जमाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे.

लगातार 5 गेंदों पर कोई रन नहीं मिला और फिर आखिरी गेंद को रोहित ने कनेक्ट किया लेकिन इस बार गेंद में रफ्तार और शॉट में ज्यादा ताकत नहीं थी. आखिरकार रोहित डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए. ये वनडे क्रिकेट की 7 पारियों में चौथा मौका था, जब अल्जारी जोसेफ ने रोहित को आउट किया. भारतीय ओपनर ने 35 गेंदों में 32 रन ही बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button